राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी, 17 राज्यों की 55 सीटों पर चुनाव, जानें पूरा ब्यौरा
नयी दिल्ली : राज्यसभा के चुनाव की अधिसूचना चुनाव आयोग ने आज जारी कर दी. राज्यसभा की 55 सीटों के लिए 17 राज्यों में चुनाव होंगे. महाराष्ट्र में सबसे अधिक सात सीटों पर, उसके बाद तमिलनाडु में छह सीटों पर व पश्चिम बंगाल एवं बिहार में पांच-पांच सीटों पर चुनाव होगा. ओडिशा, गुजरात, आंध्रप्रदेश में चार-चार सीटों पर चुनाव होगा.


पश्चिम बंगाल में पांच सीटों में विधानसभा के संख्या गणित के हिसाब से अधिकतर सीट सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खाते में जाएंगी. महाराष्ट्र में सात सीटों पर चुनाव है. वहां, शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी की साझा सरकार है, इसलिए उनके खाते सात में कम से कम चार सीटें आएंगी ही, भाजपा के खाते में भी दो सीट जाना तय है. सातवीं सीट के लिए मुकाबला होगा. तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव व मध्यप्रदेश में कांग्रेस बड़े बहुमत से सत्ता में है, इसलिए वहां दोनों सीटों पर सत्ताधारी खेमा कब्जा कर सकता है. मध्यप्रदेश में तीन सीट पर चुनाव है और सत्ता का समीकरण बेहद नाजुक है. इसलिए एक-एक सीट कांग्रेस व भाजपा की तय है, लेकिन मुकाबला तीसरे के लिए होगा. राजस्थान में भी कमोबेश ऐसा ही परिदृश्य होगा. असम में तीन में दो सीटें भाजपा की पक्की है, जबकि एक सीट कांग्रेस खेमे में जा सकती है.


