शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन, निजी स्कूलों की मनमानी से कराया अवगत
रांची: राजधानी में आज एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष इंदरजीत सिंह और उनकी टीम ने राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा मंत्री को राज्य में निजी स्कूलों की मनमानी और समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही बताया गया कि निजी स्कूल एनसीईआरटी के किताबों के बदले दूसरे प्रकाशनों के किताबों को बेचकर दोगुना दाम वसूलती हैं।
इसके अलावा मांग की गयी कि निजी स्कूलों का एकाधिकार खत्म करने के लिए सभी बोर्ड के निजी स्कूलों के लिए निर्देश जारी किया जाए। कहा गया कि विद्यालयों द्वारा पालकों पर किताबें, यूनिफार्म, सहित अन्य शिक्षण सामग्रियों को लेकर दबाव डाला जाता है। हालाँकि, इसे रोकने के लिए हर वर्ष निर्देश जारी किये जाते हैं, लेकिन इसका पालन नहीं किया जाता। विद्यालय प्रबंधन पालकों को पुस्तकें, कॉपियॉ, संपूर्ण यूनिफॉर्म आदि किसी भी एक निश्चित दुकान, विक्रेता या संस्था विशेष से खरीदने के लिए बाध्य करती रहती है।




