देश को बांटने की राजनीति कर रही भाजपा: सुबोधकांत
On
चुटिया में जनसंपर्क अभियान
रांची: लोकसभा का रंग अपने सवाब पर चढ़ने लगा है और प्रत्याशी धुंआधार चुनावी प्रचार में जुट गए है। कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत बुधवार को इसी बाबत चुटिया के विभिन्न क्षेत्रों को भ्रमण करते हुए वहां की जनता से अपने पक्ष में वोट देने का आह्वान किया। उन्होंने वहां के लोगों की समस्याओं को समझकर उसे दूर करने की बातें कहीं। सहाय ने कहा कि पिछले पांच सालों से भाजपा सरकार ने देश के अंदर बांटने का काम किया है। सत्ता में आने के बाद केंद्र की मोदी सरकार ने जनता को झांसा देने के सिवा कुछ नहीं किया।
सहाय ने कहा कि चुनाव जीतने के पहले नरेंद्र मोदी कहते थे, बहुत हुई महंगाई की मार अबकी बार भाजपा सरकार। लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा ने पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस को इतना महंगा किया कि जनता त्राहिमाम कर उठी। श्री सहाय ने कहा कि भाजपा के झूठ से जनता तंग हो चुकी है और अब वह दुबारा भाजपा के झांसे में नहीं आएगी। उन्होंने देश के वर्तमान हालात व समाज को बेहतर करने की दिशा में बदलाव की बात कही।
मौके पर मुख्य रूप से कांग्रेस के पूर्व सचिव आदित्य विक्रम जायसवाल, अनादि ब्रह्म, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ,पूर्व महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, प्रभाकर दास, आभा सिन्हा, अंशु,चिंतामनी, अनिल सिंह, कृष्णा सहाय, चिंटू, आयुष, प्रेम, शिल्पी सोलंकी, अमरजीत सिंह, झामुमो की महुआ माजी सहित कई नेता मौजूद थे।
इस दौरान आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि देश की सामाजिक समरसता को मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद तार-तार कर दिया। आज हालत यह है कि पांच साल में मोदी सरकार ने 27 लाख 12 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज लिया है। हर महीने मोदी जी 45 हजार करोड़ का कर्ज लेते हैं। सच तो यह है कि मोदी सरकार का पांच साल का सफरनामा जुमलों से झांसों तक का है। इसके विपरीत कांग्रेस ने देश की जनता का भरोसा जीता है। कांग्रेस ने तीन राज्यों में सत्ता में वापसी करने के बाद किसानों के कर्जे माफ किए। इस मौके पर सुरेन्द्र सिंह ने कहा छत्तीसगढ़ में टाटा कंपनी के लिए छीनी गयी किसानों की जमीन वापस की और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय योजना तो देश के गरीबों को ही ध्यान में रख कर बनायी गयी है। कांग्रेस ने देश के सरकारी महकमों में खाली पड़े सभी पदों को भरने का वादा किया है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







