लाॅकडाउन का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ, अब देश को प्लान – 2 बताए सरकार : राहुल गांधी
नयी दिल्ली : कांग्रेस नता राहुल गांधी ने आज लाॅकडाउन पर कहा कि इसको लेकर जो लक्ष्य था वह पूरा नहीं हुआ. बीमारी नियंत्रित नहीं हुआ और यह बढती जा रही है. उन्होंने कहा कि 60 दिन हो गया गया और हमें सरकार से यह स्पष्टता चाहिए कि सरकार आने वाले दिनों में क्या-क्या करेगी. गरीबों, प्रवासी श्रमिकों व छोटे मध्यम कारोबार की कैस रक्षा करेगी. उन्होंने कहा कि दो महीने पहले लाॅकडाउन लागू करते समय प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21 दिनों में कोरोना के खिलाफ जंग जीतेंगे. आज 60 से ज्यादा दिन बीत चुके हैं और रोज मरीजों की संख्या जबरदस्त तेजी से बढ रही है. लाॅकडाउन इस वायरस को हरा नहीं पाया. उन्होंने कहा कि मेरा सीधा सवाल है कि अब आगे क्या योजना है.
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान पहला देश है जो बीमारी के बढते वक्त में लाॅकडाउन को बंद कर रहा है. जापान, कोरिया, जर्मनी, फ्रंास सबने लाॅकडाउन तब बंद किया जब कोरोना बीमारी की संख्या घटनी शुरू हो गयी. राहुल गांधी ने सवाल पूछा है कि जब लाॅकडाउन से बाहर निकलेंगे तो मजदूरों, छोटे कारोबारियों की कैसे मदद करेंगे.


राहुल गांधी ने कहा कि अगर मजदूरों का दर्द बांटना वित्तमंत्री को ड्रामा लगता है तो यह उनके विचार हैं. अगर वे चाहती हैं तो वे अनुमति दें मैं यहां से पैदल उत्तरप्रदेश निकलूंगा और रास्ते में जितना हो सका, लोगों की मदद करूंगा. राहुल गांधी ने कहा कि मजदूरों से बातचीत का मेरा लक्ष्य उनके दिल की भावना को समझना है. उनकी जानकारी से मुझे लाभ मिलता है.


