गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब के सेवन से अब तक 6 की मौत, 21 अस्पताल में भर्ती
जहरीली शराब के 10 मरीजों के सैंपल में 38.59 प्रतिशत मेथनॉल
गुजरात के भावनगर में कथित जहरीली शराब के सेवन से हड़कंप मच गया है। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 21 लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। जांच में नकली शराब तैयार करने और गांवों में सप्लाई करने वाले कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
भावनगर: गुजरात में शराबबंदी के बावजूद भावनगर शहर और ग्रामीण इलाकों में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से अब तक 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 21 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में उपचाराधीन हैं। बीती रात तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। आज सुबह एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है।
एसएमसी को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह विभाग ने जांच स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) को सौंप दी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने कथित तौर पर ब्रांडेड रॉयल स्टैग शराब की खाली बोतलें, ढक्कन और स्टिकर जुटाए और उनमें केमिकल मिश्रित जहरीला तरल भरकर नकली शराब के रूप में बेच दिया।
पुलिसकर्मी की पार्टी के बाद सामने आया मामला
जयदीपसिंह को छोड़कर अन्य तीन दोस्तों ने कथित तौर पर रॉयल स्टैग शराब पी थी। इनमें से उपेन्द्रसिंह की 18 अगस्त को मौत हो गई।
अहमदाबाद से मंगाया गया केमिकल, उज्जैन से बुलाया गया 'डॉक्टर'
जांच के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क आर्थिक लाभ के लिए कथित रूप से एक सिंडिकेट के रूप में चलाया जा रहा था। वरतेज के नया प्लॉट इलाके की आंबलीवाली शेरी में रहने वाले कथित बुकी/बूटलेगर गौतम सोलंकी और रईस के बीच भावनगर में नकली शराब तैयार करने की डील हुई थी।
बताया गया है कि अहमदाबाद के सरखेज इलाके से सफेद तरल पदार्थ, खाली बोतलें, ढक्कन, स्टिकर और मेथनॉल मंगाया गया था। केमिकल का मिश्रण तैयार करने के लिए उज्जैन से नरेंद्रसिंह उर्फ 'डॉक्टर' को बुलाया गया था।
पुलिस के अनुसार, केमिकल मिश्रण तैयार करने वाले नरेंद्रसिंह ने खुद भी कथित तौर पर यही जहरीला तरल पी लिया था। उसकी तबीयत 17 अगस्त को बिगड़ी और 18 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
51 पेटी नकली शराब तैयार कर गांवों में पहुंचाने का आरोप
ट्रांसपोर्ट के जरिए सामान पहुंचने के बाद गौतम के घर पर कथित तौर पर पहले चरण में 51 पेटी नकली शराब तैयार की गई। इसके बाद यह शराब अलग-अलग बूटलेगरों के माध्यम से आसपास के गांवों में सप्लाई की गई।
वरतेज पुलिस ने पीआई एस.बी. पढ़ेरिया की शिकायत के आधार पर 21 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की जांच में गौतम सोलंकी, रईस, मनोज, जतिन सोलंकी, गणेश, अमन, जुबेर, नरेंद्रसिंह उर्फ डॉक्टर (मृतक), धर्मेंद्रसिंह गोहिल, जगदीप कनैयालाल, विवेक सोलंकी, अर्जुनसिंह, संजय चावड़ा, जयदीप मकवाणा, बार्बव कनैयालाल, हेवल सोलंकी, रोहितभाई चौहान, केवल सोलंकी, सुखदेव सोलंकी और हार्दिक बारैया समेत अन्य के नाम सामने आए हैं।
एसएमसी ने संभाली जांच, पूरे नेटवर्क की तलाश तेज
गांधीनगर से स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) के एसपी मयूर चावड़ा के नेतृत्व में टीम भावनगर पहुंच गई है। टीम ने आईजी जे. राजू अंसारी के साथ बैठक कर पूरे नेटवर्क की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, केमिकल कहां से खरीदा गया और 51 पेटी शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों तक पहुंचाई गई थी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts


Latest News








