बेखौफ अपराधी: सेंधमारी कर कांटाटोली से 25 लाख के मोबाइल की चोरी
On
रांची: राजधानी में अपराधियों का मनोबल अभी हाई है और वे एक के बाद एक धड़ल्ले से अपराध को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। खास बात ये है कि शहर में सरकार और निजी स्तर पर भी कई सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं, लेकिन इसके बावजूद इनका दुस्साहस चरम पर है। गुरुवार की देर रात कांटाटोली स्थित टेली टॉक नाम के मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने लगभग 25 लाख की मोबाइल चोरी कर ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आज दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
अपराधियों ने ताबड़तोड़ अपराध को अंजाम देते हुए पुलिस की नाक में दम कर रखा है। हत्या, लूट, चोरी, छिनतई जैसी घटनाओं से तबाह जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। मोबाइल दुकान में चोरी की इस वारदात से पुलिसिया कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि दुकान के पीछे से सेंधमारी कर चोरों ने दुकान के अंदर प्रवेश किया। दुकान मालिक अशोक अग्रवाल के अनुसार लगभग 25 लाख की मोबाइल चोरी हुई है।
इस वारदात में 200 से 250 कीमती मोबाइल की चोरी हुई है। चोरों ने एक- एक कर सभी मोबाइल को डब्बे से निकाल लिया और सभी डब्बों को वहीं फेंक दिया। बताया जा रहा है कि सभी नामीगिरामी कंपनियों के मोबाइल सेट दुकान में थे। जानकारी के मुताबिक पिछले कई माह से दुकान के पीछे कंस्ट्रकशन का कार्य चल रहा है। यहां पर लोगों का आना जाना लगातार रहता है। जिसके कारण लोगों को किसी तरह का शक नहीं हुआ। चोरी की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। लोअर बाजार थाना को चोरी से संबंधित सूचना दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:


