बोकारो थर्मल: चोरों ने किया ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त, दो सौ किलो काॅपर ले भागे
बोकारो थर्मल: बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत बीएंडके एरिया के सीसीएल कारो फेज दो परियोजना पर एक दर्जन से भी ज्यादा हथियारबंद चोरों ने गुरुवार की रात्रि लगातार दूसरे दिन धावा बोला। चोरों ने परियोजना के बिजली घर में सेंधमारी कर उसके अंदर प्रवेश कर 250 केवी के ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर दो सौ किलो काॅपर ले भागे। चोरी की घटना को अंजाम देने के पूर्व चोरों ने एक ओर जहां ट्रांसफार्मर का सारा तेल जमीन पर उड़ेल दिया वहीं दूसरी ओर रात्रि में गश्ती में आये चार सुरक्षा जवानों को बांध दिया और उनकी पिटाइ्र भी की। घटना रात्रि एक बजे की है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की रात्रि चोरों ने खासमहल परियोजना से आनेवाले 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार को शाॅट र्सिर्कट कर बिजली की सप्लाई को ठप कर दिया। बाद में बिजली कटने पर चोरों का गिरोह फेज दो परियोजना के बिजली घर पहुंच पीछे से दीवार में सेंधामारी की। इसी दौरान सीसीएल का रात्रि सुरक्षा दस्ता में शामिल धरम महतो, टेकलाल महतो, धनी राम, सुनील बिजली घर पहुंचे। सुरक्षा दस्ता के आते ही चोरों ने उन्हें बांधकर अपने कब्जा में ले लिया तथा उनके साथ मारपीट भी की। चोरों ने सेंधमारी कर बिजली घर में प्रवेश किया तथा ट्रांसफार्मर का सारा तेल जमीन पर गिरा दिया तथा उसे क्षतिग्रस्त कर उसके अंदर का लगभग दो सौ किलो काॅपर अपने साथ ले गये। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बतायी जाती है। परियोजना का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण रात्रि एक बजे से पानी एवं बिजली की सप्लाई ठप है। रात्रि में ही चोरी की सूचना परियोजना के खान प्रबंधक शंभूनाथ ने स्थानीय थानेदार सहित पीओं को दी। शुक्रवार को खासमहल परियोजना के प्रोजेक्ट इंजीनियर एमके शर्मा तथा प्रमोद कुमार परियोजना पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया। परियोजना में लगातार चोरों के धमकने तथा चोरी की धटना को अंजाम देने के कारण काॅलोनीवासी दहशत में हैं। खान प्रबंधक का कहना था कि लगातार चोरी की घटना काफी चिंता की बात है।
जबकि स्थानीय थानेदार परमेश्वर लेयांगी ने कहा कि जल्द ही चोंरों के गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
Related Posts


Latest News








