अलविदा जुमा पर रोजेदारों ने सजदे में झुकाया सिर, मांगी अमन-चैन की दुआ
On
रांची: रमजान का महीना रहमतों की बारिश कर अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार को यानी आज इस पाक महीने के चौथे जुमे को राजधानी सहित पूरे झारखंड के विभिन्न मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा कराई गई। मस्जिदों में पहले से ही इसकी तैयारियां कर ली गईं थीं। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला गया व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नमाज के दौरान मुस्लिम धर्मावलंबियों को कोई कठिनाई न हो, इस बाबत यातायात मार्ग को परिवर्तित किया गया था।
झारखंड के गिरिडीह अंतर्गत जमुआ सहित मिर्जागंज, खरगडीहा, चकमन्जो, गांडो, बाटी, काजी मगहा, खुर्द मगहा ,धुरेत्त, रैयोडीह, बसकुपाय,तुलसीडीह सहित तमाम मुस्लिम बहुल गांवों में अकीदत के साथ लोगों ने नये परिधान में मस्जिदों में मत्था नवाजते हुए अमन व चैन की दुआ मांगी। नमाज अदा करने से पूर्व जामा मस्जिद जमुआ को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस बाबत मुफ्ती अब्दुल कुद्दुश, मौलाना अल्लाउद्दीन एवं जमुआ जामा मस्जिद के इमाम मौलाना कमरुद्दीन ने संयुक्त रूप से कहा कि रमजानुल मुबारक महीने के अंतिम अशरे में सभी मस्जिदों में लोग एतेकाफ में बैठे हैं। कहा कि इस माह में हर रोज व हर जुमे अहम हैं, लेकिन अलविदा जुमा सर्वाधिक अहम है। कहा कि रमजानुल मुबारक महीने में ही इस्लाम के मुक्कदस किताब कुरान पाक नाजिल हुआ था। आलिमो ने कहा कि ईद-उल-फित्र के नमाज अदा करने से पहले सभी को जकात व फित्रा निकलना अति आवश्यक है।[URIS id=8357]
अलविदा नमाज के बाद अब पवित्र रमजान माह में ईद को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजारों में देर रात तक खरीदारी हो रही हैं। खासकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। कपड़ों और गहनों की दुकानों पर भीड़ है। गर्मी की वजह से लोग सुबह-शाम और रात के समय घरों से बाहर निकलकर बाजारों में पहुंच रहे हैं। खुदा की इबादत में मशगूल रहने वाले रोजेदार अब उत्साह के साथ ईद की तैयारियों में जुट गए हैं। शाम के समय रोजा इफ्तार के बाद से ही बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में सेवइयों की दुकानें सज गई हैं। वहीं, चूड़ी, कपड़े, टोपी, रुमाल, इत्र, सुरमा, जूते चप्पल, मिठाई व मेवों की दुकानों को सजाया गया है। रांची के डेली मार्केट से लेकर मेन रोड के कई इलाकों में दुकानें देर रात तक खुल रही हैं, जहां महिलाएं, बच्चे और युवा उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं। ईद के लिए नई टोपियों की खरीदारी की जा रही है। लोग अपनी पसंद की टोपियां खरीदने पहुंच रहे हैं। नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए परिजनों ने कपड़ों की मैचिंग के हिसाब से टोपी खरीद रहे हैं। बाजार में 30 से 200 रुपये तक की टोपी उपलब्ध है। सफेद रंग की टोपी को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। मिठाइयों की दुकानों पर भी एडवांस बुकिंग चल रही है। इसके अलावा सेवइयों और फैनी की खूब बिक्री हो रही हैं।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







