रांची के अखबार : स्वास्थ्य मंत्री ने रोक रखी है टेंडर से जुड़ी रिम्स की फाइलें, दुमका में लिंचिंग, अन्य खबरें
प्रभात खबर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना व लाॅकडाउन पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग को लीड स्टोरी बनाया है. इसका शीर्षक है: लाॅकडाउन ज्यादा रियायतों के साथ बढ सकता है, सभी रूटों पर अभी ट्रेन नहीं. सभी राज्यों को 15 मई तक लाॅकडाउन पर अंतिम राय देने का मौका दिया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लाॅकडाउन पर फैसला एक बार केंद्र पर छोड़ दिया है. उन्होंने कहा है कि इस संबंध में 17 को केंद्र के निर्णय के साथ चलेंगे. फिलहाल लाॅकडाउन तीन 17 मई तक चलेगा. विशेष यात्री ट्रेनों के परिचालन पर खबर है: मिनटों में बिके हावड़ा-दिल्ली सहित कई ट्रेनों के टिकट. दुमका के काठीकुंड प्रखंड के एक गांव में एक शख्स को सिर्फ बकरी चुराने के आरोप में पीट कर मार दिया गया. माब लिंचिंग को लेकर चर्चा में आने वाले झारखंड के लिए यह एक और बुरा अनुभव है. अखबार ने एक विशेषज्ञ की राय छापी है कि मजदूरों का सदुपयोग हो तो बदलेगी आर्थिक दशा.


हिंदुस्तान ने भी पीएम की वीडियो कान्फ्रेंसिंग को लीड खबर बनाया है. इसमें पीएम ने कहा है कोरोना से मुकाबले के साथ कारोबार भी जरूरी. यह आने वाले दिनों में हल्की ढील मिलने का संकेत है. वहीं, वीसी में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि मनरेगा की मजदूरी व कार्य दिवस 50 प्रतिशत तक बढाएं. अखबार ने एक खबर दिल्ली से दी है कि नया रेल टिकट ही करफ्यू में आने जाने का पास है. दुमका में बकरी चोरी के आरोप में पिटाई, दो नए कोरोना मरीज मिलने, ढुल्लू महतो के आत्मसमर्पण, देश भर में एक दिन में 4 हजार से अधिक कोरोना केस मिलने जैसी खबरें भी हैं. एक खबर है कि ईरानी मिसाइल अपने ही जहाज पर गिरा जिससे 19 की मौत हो गयी. अखबार ने एक खबर दी है कि प्रवासियों का टूटने लगा धैर्य आत्महत्या की दी धमकी. इस अखबार की सबसे अधिक ध्यान खीचंने वाली खबर देवघर से है कि साइबर अपराधियों ने 74 बैंक खातों ने 1.01 करोड़ रुपये उड़ाये.
दैनिक जागरण की वीडियो कान्फ्रेंसिंग पर ही लीड खबर है जिसका शीर्षक है धीरे-धीरे ही हटेगा लाॅकडाउन. अखबार ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नए बदलावों के साथ अगले चरण में कदम रखेंगे. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड पैसे के लिए केंद्र पर निर्भर है. दुमका माॅब लिंचिंग व ढुल्लू महतो की खबर इस अखबार ने भी दी है. एक खबर है कि साहेबगंज का लाल भुनेवश्वर यादव छत्तीसगढ के बीजापुर में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गया. अखबार ने खबर दी है कि विशेष ट्रेनों के लिए तीन घंटे में ही आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर 54 हजार लोगों ने बुकिंग कर ली.
दैनिक भास्कर ने अन्य अखबारों से अलग प्रस्तुति दी है. लीड खबर है : रांची में माॅल छोड़ सभी दुकानें खुलेंगी, निर्माण कार्य हो सकेंगे. झरखांड में लाॅकडाउन में छूट तय, आज हो सकती है अधिसूचना. अखबार ने खबर दी है कि रांची से हर गुरुवार व रविवार को खुलेगी दिल्ली के लिए ट्रेन. तीन माह से फरार ढुल्लू महतो के आत्मसमर्पण की खबर अखबार ने दी है.


