रांची के अखबारों की सुर्खियां : अयोग्य कंपनी की रघुवर से निकटता की जांच करेगी कमेटी, अवैध मकान होंगे रेगुलराइज, अन्य खबरें
रांची : रांची से छपने वाले अखबार लगातार कोरोना की खबरों को विस्तृत करवरेज दे रहे हैं. ऐसा इससे जुड़ी सूचनाओं को पाठकों तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को सतर्क बनाए रखने के लिए भी आवश्यक है.
प्रभात खबर की लीड खबर है : दवा जल्दी, अभी सावधानी ही बचाव. अखबार ने लिखा है कि डब्ल्यूएचओ ने सतर्क किया है कि दक्षिण में एशिया में पाकिस्तान की हालत विस्फोटक है, वहां मरीजों की संख्या चार गुणा बढी है. अखबार ने यह खबर भी दी है कि सीबीएसइ व जेइइ सहित सभी परीक्षाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गयी हैं. यह खबर भी है कि 51 साल में पहली बार रांची के मेन रोड में सरहुल जुलूस नहीं निकलेगा. विधानसभा से एक खबर है कि अवैध रूप से बने घरों को सरकार रेगुलराइज करेगी. मंत्री चंपई सोरेन ने विधायक मनीष जायसवाल के सवाल के जवाब में यह बात कही. रांची से खबर है कि लेक्चरर नियुक्ति घोटाला का आरोपी भीम गिरफ्तार कर लिया गया है. अखबार ने खबर दी है कि झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में होने से वोटिंग अब पक्की है. इस संबंध में विधानसभा से चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी गयी है. अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी सीट के लिए भाजपा का पलड़ा फिलहाल कांग्रेस से भारी नजर आ रहा है. उधर, यह खबर भी है कि बिहार में हरिवंश सहित पांच निर्विरोध चुन लिए गए, क्योंकि वहां पांच सीट के लिए पांच ही उम्मीदवार थे. इनमें दो जदयू, एक भाजपा व दो राजद के उम्मीदवार हैं. अखबार ने एक खबर दी है कि आयुष्मान योजना में एक घोटाला सामने आया है, जिसमें एक ही अस्पताल दो अलग नाम से सूचीबद्ध कर लिया गया है. भ्रष्टाचार के आरोप में एसीबी ने कल रांची में एएसआइ और चाईबासा में सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया.


दैनिक भास्कर ने कोरोना पर अन्यों से बेहतर प्रस्तुति दी है. अखबार ने इसको लेकर अपील भी की है नागरिक कर्तव्य का पालन करें, अनावश्यक बाहर न जाएं. अखबार ने लिखा है कि बुधवार को दुनिया भर में एक दिन में सबसे अधिक 1027 मौतें इस वायरस से हुईं. गृह मंत्रालय ने युद्ध स्तरीय तैयारियों का आदेश जारी किया है और सशस्त्र बलों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं. 51 उद्यमियों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा कि दो-तीन सप्ताह के लिए देश को लाॅक डाउन करें. अखबार की लीड खबर का शीर्षक है: सीबीएसइ की दसवीं-बारहवीं, जेइइ, विवि परीक्षाएं 31 तक टलीं, आज रात आठ बजे पीएम का संबोधन. एक खबर है कि रांची नगर निगम हर फ्लैट में देगा वाटर कनेक्शन. यह खबर भी है कि रंजन गोगोई की राज्यसभा सदस्यता को लेकर शीर्ष कोर्ट में याचिका दायर की गयी. वहीं, एक खबर है कि कल से झारखंड में फिर मौसम बदलेगा, बारिश के आसार हैं.
Related Posts

Latest News

