प्रभात खबर की लीड खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रेडियो पर मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश को संबोधित करना है. प्रधानमंत्री का यह संबोधन कोरोना वायरस पर केंद्रित था. इसका शीर्षक है: लाॅक डाउन से हो रही परेशानी पर माफ करें, देशवासियों को बचाने का यही एक उपाय. अखबार ने इसके साथ ही यह खबर भी दी है कि केंद्र ने राज्यों को कोरोना लाकडाउन को सफल बनाने के लिए अपनी सीमाएं सील करने का निर्देश दिया है और कहा है कि इसका उल्लंघन हुआ तो इसके लिए डीएम और एसपी जिम्मेवार माने जाएंगे. इस बात पर चिंता प्रकट की गयी है कि दिल्ली सहित कई इलाकों से पलायन जारी है.
अखबार की दूसरी अहम खबर बाहर फंसे झारखंड वासियों की है. इसका शीर्षक है: लाॅकडाउन में फंसे 3.42 लाख झारखंडियों ने सरकार से मदद मांगी, 10 नये हेल्पलाइन नंबर. अखबार की एक अपील करती हुई खबर है कि खुद को बचाएं राज्य में सिर्फ 200 वेंटिलेटर है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कल कोरोना महामारी को लेकर स्थानीय निकाय के लोगों के साथ चर्चा की खबर भी है, जिसमें सीएम ने अपील की है कि बाहर से आने वालों को मुखिया किसी अन्य व्यक्ति से नहीं मिलने दें. मुख्यमंत्री ने कहा है कि रिम्स में 100 बेड तैयार है और बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की जांच हो. वहीं, एक खबर अंदर के पन्ने पर है कि रोज जहां 3.5 लाख लीटर पेट्रोल बिकता था, वहीं अब एक लाख लीटर बिक रहा है.
हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : सख्ती: लाॅकडाउन तोड़ा तो 14 दिन अलग रहना होगा. खबर में उल्लेख किया गया है कि केंद्र ने राज्यों को अपनी सीमाएं सील करने को कहा है. मन की बात कार्यक्रम में पीएम के संबोधन का शीर्षक है: हालात की गंभीरता नहीं समझ रहे कुछ लोग. कोरोना से जुड़ी दो अंतरराष्ट्रीय खबर है कि जर्मनी के एक मंत्री ने कोरोना से आने वाली मंदी के भय से आत्महत्या कर ली, वहीं स्पेन की राजकुमारी की इस बीमारी से मौत हो गयी. अखबार ने खबर दी है कि आठ नए मरीजों के साथ देश में कोरोना मरीजों की संख्या 1024 हो गयी. एक खबर है कि रिम्स कोरोना सेंटर में हजार मरीजों को भर्ती करने का इंतजाम होगा. साहिबगंज से एक खबर है कि एक लाॅकडाउन के कारण एक निकाह को वीडियो काॅल पर पूरा कराया गया. अखबार ने एक खबर दी है कि एक अप्रैल से 10 नियम बदल जाएंगे जो आम आदमी पर सीधा असर डालेंगे. इसमें नया आयकर नियम, नए वाहन नियम, दवाइयों से जुड़े नियम, मोबाइल डाटा का महंगा होना, लोन का नियम सहित कई दूसरी चीजें शामिल हैं.
दैनिक जागरण की लीड खबर है : जो जहां हैं वहीं होंगे क्वारंटाइन. गृह मंत्रालय ने बड़ी संख्या में घर लौट रहे लोगों को देखते हुए यह निर्देश दिया है. प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का शीर्षक है: लाॅकडाउन ही था रास्ता, कष्ट के लिए क्षमा करें. झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन का बयान है कि बिना राशन वार्ड वालों को भी सरकार अनाज देगी. वहीं, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा है कि बंद अवधि की फीस स्कूलों ने ली तो उन पर कार्रवाई होगी. अखबार ने एक खबर दी है कि राज्य में एक लाख से अधिक होम क्वारंटाइन में है. अखबार ने महामारी को लेकर हुए लाॅकडाउन को लेकर हो रहे पलायन पर एक स्पेशल स्टोरी दी है जिसका शीर्षक है: अपनी फिक्र, घर की चिंता और सड़कों पर जिंदगी.
दैनिक भास्कर की लीड खबर का शीर्षक है: कोरोना से एक दिन में सबसे ज्यादा नौ मौतें, घर से बाहर निकले तो 14 दिन क्वारेंटाइन रहेंगे. दिल्ली की एक खबर है कि इलाज कर रहे 14 डाॅक्टरों एवं नर्स को क्वारेंटाइन किया गया. केंद्र ने राज्यों को आदेश दिया है कि लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन करें, इसे देखते हुए सीमाएं सील कर दी गयी हैं. रांची जिले की भी सीमा सील कर दी गयी है. एक खबर है कि लाॅकडाउन 2.0 की भी सिफारिश. विशेषज्ञों की एक टीम की ऐसी सिफारिश है कि 18 अप्रैल से 31 मई तक दूसरे चरण का लाॅकडाउन भी करना जरूरी है. कैंब्रिज के एक शोधार्थी का मानना है कि भारत में 21 दिन का लाॅकडाउन काफी नहीं है. एक खबर है कि दुनिया बेहाल, कोरोना मरीज सात लाख के पार, आखिरी एक लाख 36 घंटे में बढे. यह खबर भी है कि राजस्थान के भीलवाड़ा में छह हजार टीमों ने नौ दिनों में की 24 हजार लोगों की स्क्रीनिंग, देश के सामने रखा नया माॅडल.