Simdega News: स्वतंत्रता दिवस पर सिमडेगा में गूंजा राष्ट्रगान, 11 प्लाटून की कदमताल ने बढ़ाया समारोह का गौरव
परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित हुआ जिला स्तरीय मुख्य समारोह, 11 प्लाटून ने किया शानदार परेड
सिमडेगा में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित हुआ। उपायुक्त कंचन सिंह ने तिरंगा फहराकर जिलेवासियों को विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रनिर्माण का संकल्प दिलाया। समारोह में 11 प्लाटून ने परेड की और 19 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मी सम्मानित किए गए।
सिमडेगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिमडेगा के परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में आयोजित किया गया। उपायुक्त कंचन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेडियम सम्मान में खड़ा रहा। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों की कुल 11 प्लाटून ने परेड में हिस्सा लिया।
उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले के विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया।आजादी अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी : उपायुक्त

महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सिविल सोसाइटी और आम जनता की सहभागिता से सिमडेगा विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक दक्षता को आर्थिक शक्ति में बदल रही हैं।
उन्होंने आम, मिलेट्स, मत्स्य पालन, फूलों की खेती, कृषि आधारित गतिविधियों और स्थानीय कला-शिल्प को बाजार से जोड़ने के प्रयासों का उल्लेख किया।
हॉकी की नर्सरी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सिमडेगा
कंचन सिंह ने कहा कि सिमडेगा की पहचान देशभर में हॉकी की नर्सरी के रूप में है। जिले की खिलाड़ी पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया है। राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में भी जिले के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
पर्यटन और विरासत को मिल रही नई पहचान
उपायुक्त ने बताया कि रामरेखा धाम में आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो चुका है। केलाघाघ में ईको टूरिज्म के विस्तार के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स और रॉक क्लाइम्बिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हेरिटेज सेंटर-कम-म्यूजियम जिले की ऐतिहासिक स्मृतियों और दस्तावेजों के संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। अपनी विशिष्ट अवधारणा के कारण यह प्रतिष्ठित SKOCH Award के सेमीफाइनल में चयनित हुआ है।
शिक्षा के क्षेत्र में सिमडेगा ने हासिल की उपलब्धियां
उपायुक्त ने बताया कि इंटरमीडिएट वाणिज्य में 99.56 प्रतिशत परिणाम के साथ सिमडेगा राज्य में प्रथम और कला में 99.36 प्रतिशत परिणाम के साथ तृतीय स्थान पर रहा। मैट्रिक में जिले की छात्रा ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस सहित चार विद्यालयों में Advanced STEM Lab स्थापित किए जा रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार आधारित आधुनिक शिक्षा का अवसर मिलेगा।
सामाजिक सुरक्षा और पेयजल योजनाओं का विस्तार
उपायुक्त के अनुसार जिले में 3,65,262 लाभुकों को सर्वजन एवं अन्य पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 89,475 महिलाओं को सम्मान राशि का भुगतान किया जा चुका है।
सभी 94 ग्राम पंचायतों में पंचायत ज्ञान केंद्र स्थापित किए गए हैं और 153 पंचायत सहायकों की नियुक्ति की गई है। वहीं 1,20,932 घरों में नल से जल कनेक्शन देने तथा 150 गांवों को मॉडल ग्राम घोषित किए जाने की जानकारी दी गई।
कृषि, मत्स्य और रोजगार को बढ़ावा
सिमडेगा में आधुनिक कृषि, फूलों की खेती और कृषि आधारित प्रसंस्करण को बढ़ावा दिया जा रहा है। 25 एकड़ भूमि में Integrated Agro Processing Hub के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है।
जिले में 8,562 मीट्रिक टन मछली उत्पादन हुआ है। केलाघाघ जलाशय में Giant Freshwater Prawn का पायलट प्रोजेक्ट भी सफल रहा है। रोजगार मेलों और भर्ती शिविरों के माध्यम से 93 शिक्षित बेरोजगारों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिलने की जानकारी दी गई।
साढ़े चार लाख पौधों से हरित भविष्य की नींव
उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा, बोलबा, कोलेबिरा और कुरडेग में अवकृष्ट वनों के पुनर्वास एवं सिल्वीकल्चरल ऑपरेशन के तहत साढ़े चार लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलना चाहिए। लोगों से जल एवं ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक संपत्तियों के संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को लेकर भावुक अपील
उपायुक्त कंचन सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर सामाजिक त्रासदी बताते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत केवल एक जीवन का अंत नहीं, बल्कि पूरे परिवार की दुनिया उजड़ने जैसी त्रासदी है।
उन्होंने बताया कि गुड सेमेरिटन योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नौ नेक व्यक्तियों को सम्मानित किया गया है।
सड़क और पुल निर्माण से मजबूत होगी ग्रामीण कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सात पथों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 15 पथों पर काम जारी है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 65 पथों का सुदृढ़ीकरण पूरा और 47 पथों पर कार्य प्रगति पर है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 24 पथों को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा दो हाई लेवल ब्रिज का निर्माण भी पूरा कराया गया है।
19 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मियों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य के लिए कुल 19 पदाधिकारी, कर्मी और पुलिसकर्मी सम्मानित किए गए। खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हॉकी खिलाड़ी पुष्पा मांझी को माइकल किंडो मेमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया।
पुष्पा मांझी ने जापान में U-18 Women Asia Cup-2026 में कांस्य, ओमान में 5-a-Side U-18 Women Asia Cup-2026 में रजत तथा सब-जूनियर नेशनल एवं स्कूल नेशनल U-17 हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
प्रशासनिक क्षेत्र में जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता अरुणा कुमारी, बीडीओ कुरडेग नमन कुजूर, कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार, चिकित्सक प्रशांत कुमार तिवारी, सहायक शिक्षक सत्यजीत कुमार, मुखिया सोमारी कैथवार, स्वास्थ्य सहिया ग्लोरिया कंडुलना, BLO खुशबू देवी, सफाई जमादार अरुण कुमार और अनुसेवक सुकरा विरहोर को सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग से विकास कुमार, जितेन्द्र कुमार, मानव मयंक, अविनेश पाण्डेय, सुपाई सोरेन और आरक्षी 799 सुनील कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।
11 प्लाटून की कदमताल ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित कुल 11 प्लाटून ने परेड में हिस्सा लिया। उर्स लाइन कॉन्वेंट बालिका विद्यालय और सेंट मेरिज हाई स्कूल सामटोली के विद्यार्थियों ने बैंड की शानदार प्रस्तुति दी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कुरडेग की छात्राओं ने विशेष बैंड प्रस्तुति दी, जबकि उर्स लाइन कॉन्वेंट बालिका विद्यालय सामटोली की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, जिला परिषद अध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग, नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सोनी पैंकरा, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा की हरियाली उसकी ताकत, आदिवासी संस्कृति उसकी पहचान और स्थानीय भाषाएं, लोकगीत, नृत्य एवं त्योहार उसकी अमूल्य विरासत हैं। उन्होंने लोगों से नशा और अंधविश्वास से दूर रहने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
Related Posts


Latest News








