Ranchi News: एसबीयू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग के नेतृत्व में हुआ आयोजन
सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन किया गया। योग, मर्म चिकित्सा, संकीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया गया।
रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS), ललित कला विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं उन्नत भारत अभियान (UBA) के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन के द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने बताया कि योग हमारे मानव जीवन की अद्भुत धरोहर है और योग न सिर्फ शारीरिक व्यायाम है ब्लकि यह मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने का काम करता है। जब हम भगवान से जुड़ पाते हैं वास्तव में वही योग है क्योंकि इससे हमें कार्य करने की शक्ति मिलती है और हम हमेशा ऊर्जावान महसूस करते हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. एस. बी. डांडिन, अधिकारीगण, शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों की कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का स्वागत डॉ. अर्चना मौर्या, विभागाध्यक्ष, योगिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा किया गया।

योग सत्र के उपरांत “सामान्य रोगों में मर्म चिकित्सा की उपयोगिता” विषय पर श्रीमती अंजना कुमारी सिंह, सहायक प्राध्यापक, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विज्ञान द्वारा विशेष व्याख्यान एवं प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने मर्म बिंदुओं के चिकित्सीय महत्व तथा सामान्य रोगों के प्रबंधन में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में प्रो. नीलिमा पाठक, डीन, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग, फैकल्टी ऑफ आर्ट्स, स्पोर्ट्स एंड कल्चर तथा केन्द्र प्रभारी, भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS), द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग तथा सकारात्मक दैनिक जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। यह आयोजन स्वास्थ्य, संस्कृति, अध्यात्म एवं संगीत के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण सिद्ध हुआ तथा योग को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया।
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुभकामना संदेश प्रेषित किया।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


