Koderma News: अनियंत्रित स्कूटी के गड्ढे में गिरने से महिला की मौत, एनएचएआई की लपरवाही से हुआ हादसा
विधायक ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए एनएच समेत जिले के सभी खराब सड़कों की स्थिति सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक एवं त्वरित कार्यवायी करने को कहा है ताकि सड़क हादसों पर नियंत्रण हो सके।
कोडरमा: जिले में इन दिनों सड़क हादसे लगातार हो रहे हैं। इन हादसों के लिए एक ओर जहां लापरवाह होकर वाहन चलाना है, वहीं दूसरी ओर इसकी एक अन्य वजह सडकों पर कई जगहों पर छोटे-बड़े गड्ढों का होना भी है। बीते कुछ दिनों में गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं। कई बार मोटरसाइकिल सवार, टोटो सवार या अन्य वाहनों से जाने वाले लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। ताज़ा मामला कोडरमा थाना क्षेत्र के लख्खीबागी के समीप का है। जहां बीती रात इलाज हेतु निजी वाहन से सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में महिला की लख्खीबागी के समीप एनएच 20 पर बने गड्ढे के कारण गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान तिलैया थाना क्षेत्र के विद्यापुरी निवासी 52 वर्षीय मीना देवी (पति स्व. कृष्णा चंदेल) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के भतीजे साकेत चंदेल ने बताया कि बीती रात उनकी चाची के सीने में अचानक काफी दर्द होने लगा। जिसके पश्चात वे लोग उन्हें आनन-फानन में स्कूटी पर ही बिठाकर सदर अस्पताल के लिए निकल पड़े। साकेत ने बताया कि स्कूटी वे खुद चला रहे थे, जबकि उनका एक अन्य भाई विशाल स्कूटी पर पीछे बैठकर चाची को संभाले हुए था। सदर जाने के क्रम में जैसे ही वे लख्खीबागी के समीप पहुंचे कि अचानक से सामने एक गड्ढा दिखाई पड़ा। जब तक वे स्कूटी पर ब्रेक लगा पाते, स्कूटी गड्ढे में जा गिरी और वह, उनकी चाची व उनका भाई वहीं पर गिर गए। जिससे उनकी चाची तथा वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि उनके भाई विशाल को भी हल्की चोटें आईं।
इसके पश्चात वे लोग किसी प्रकार उठे और स्कूटी पर अपनी चाची को बिठाकर सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सदर पहुंचते ही वहां मौजूद चिकित्सकों ने मीना देवी को मृत घोषित कर दिया। इधर इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों में खासा रोष है। वे मीना देवी की मौत का जिम्मेवार एनएचएआई को बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर सड़क पर बने गड्ढों को मरम्मत कर दिया गया होता तो मीना देवी की मौत नहीं होती। इस घटना के पश्चात मृतका के घर में शोक का माहौल बना हुआ है।
मामले में विधायक ने डीसी को लिखा पत्र

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
