Deoghar News: उप विकास आयुक्त ने 'प्रोजेक्ट इम्पैक्ट' को लेकर 12 स्कूलों के हेडमास्टरों संग की बैठक
मॉर्निंग असेंबली और कक्षा गतिविधियों पर नजर
देवघर में उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 'प्रोजेक्ट इम्पैक्ट' और 'प्रोजेक्ट RAIL' की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 12 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए। बैठक में स्कूलों में अनुशासन, स्वच्छता और शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर बनाने हेतु पांच-स्तरीय चेकलिस्ट एवं ग्रूमिंग ट्रैकर को नियमित लागू करने का निर्देश दिया गया।
देवघर: विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, स्वच्छता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट इम्पैक्ट को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सारठ, मधुपुर, मारगोमुंडा और सरवां प्रखंड के कुल 12 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा डीएमएफटी की टीम मौजूद रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालय स्तर पर तैयार विशेष चेकलिस्ट को नियमित रूप से लागू कराना था।
बैठक में प्रोजेक्ट इम्पैक्ट के तहत विद्यालयों में संचालित होने वाली गतिविधियों और उनकी निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रोजेक्ट RAIL की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अधिकारियों को अवगत कराया। उप विकास आयुक्त ने समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गईं। क्लास टीचर सुबह की सभा, कक्षा चेकलिस्ट, स्वच्छता ट्रैकर और साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार करेंगे। प्रधानाध्यापक पूरे विद्यालय का मासिक आत्म-मूल्यांकन कर रेटिंग देंगे। जिला शिक्षा अधीक्षक और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इन रिपोर्टों की समीक्षा कर जिला एवं प्रखंड स्तर पर अंतिम रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी चेकलिस्ट में जानकारी नियमित रूप से दर्ज की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में मासिक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यालय की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अधिकारी एवं डीएमएफटी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts
Latest News



