Bokaro News: बीएसएल के मानव संसाधन में महिला अधिकारियों के लिए “तन्मात्रा” कार्यक्रम का शुभारंभ
ई4 से ई7 श्रेणी की 24 महिला अधिशासियों के लिए 11-12 अगस्त को आयोजित हुआ दो दिवसीय प्रशिक्षण।
बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में 11 और 12 अगस्त 2026 को महिला अधिकारियों के लिए दो दिवसीय ‘तन्मात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ई4 से ई7 श्रेणी की 24 महिला अधिशासियों के लिए ‘परिचालन 2.0 : पुनर्समीक्षा एवं पुनर्समझ’ विषय पर प्रशिक्षण आयोजित हुआ।
बोकारो : बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास (एलएंडडी) केंद्र स्थित सम्मेलन कक्ष में 11 एवं 12 अगस्त 2026 को ‘तन्मात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस विशेष दो दिवसीय सत्र के अंतर्गत ई 4 से ई 7 श्रेणी की 24 महिला अधिशासियों हेतु ‘परिचालन 2.0 : पुनर्समीक्षा एवं पुनर्समझ’ विषय पर ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व तन्मात्रा कार्यक्रम का आयोजन 22 जुलाई को किया गया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला अधिकारियों में इस्पात निर्माण की संपूर्ण प्रक्रियाओं, तकनीकी कौशल और प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समझ को और अधिक सशक्त बनाना है।
इस पहल के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) तथा विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ उपस्थित रहे।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) द्वारा किया गया। इसके पश्चात विशेषज्ञों द्वारा कोक मेकिंग, सिंटर मेकिंग, आयरन मेकिंग, स्टील मेकिंग, हॉट रोलिंग तथा कोल्ड रोलिंग प्रक्रियाओं पर विस्तृत तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही गुणवत्ता से जुड़े पहलुओं, ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक एवं शासन) की अवधारणाओं तथा दैनिक परिचालन में उनकी प्रासंगिकता से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया। सत्र के दौरान वास्तविक समय की परिचालन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी निर्णय लेने की क्षमता को सुदृढ़ बनाने तथा संयंत्र में संचालित डिजिटल रूपांतरण पहलों पर भी विशेष प्रकाश डाला गया। दो दिवसीय गहन विचार-विमर्श के पश्चात कार्यक्रम का औपचारिक समापन वैलेडिक्ट्री (समारोप) सत्र के साथ हुआ।










