आरके सिन्हा का आलेख पढें : क्यों कोरोना को दिल्ली-मुंबई में हराना जरूरी है?

आरके सिन्हा का आलेख पढें : क्यों कोरोना को दिल्ली-मुंबई में हराना जरूरी है?

आरके सिन्हा

कोरोना वायरस के संक्रमण को मात देने के लिए चले लॉकडाउन के बाद मजबूरी में अब धीरे-धीरे बाजार-दफ्तर और अन्य काम-काज शुरू होने लगे हैं। लेकिन, उनकी रफ्तार अत्यंत ही धीमी है। यह तो होना ही था। वैश्विक महामारी की चपेट में आने के कारण आम-खास सब की आय पर भारी असर पड़ा है। इसलिए धीरे-धीरे ही तो स्थितियां सामान्य होंगी। इसलिए जो लोग लोग अभी से दिल्ली, मुंबई, पटना, लखनऊ के बाजारों के सन्नाटे से दुखी हो रहे हैं, उन्हें थोड़ा धैर्य तो दिखाना ही होगा।

अभी से यह उम्मीद करना कि लॉकडाउन के फौरन बाद बड़े बाजारों में सुबह से रात नौ-दस बजे तक रहने वाली रौनक तुरंत लौट आएगी, सही नहीं होगा। अभी बमुश्किल से दस फीसद कस्टमर बाजारों में आ रहे हैं। यह आंकड़ा धीरे-धीरे और बढ़ेगा। जैसे-जैसे लोगों की कमाई चालू होगी वैसे-वैसे हालात सुधरते चले जाएंगे। लेकिन जो ज्ञानी बाजारों के सन्नाटे से सन्न हैं, उन्हें भी बाजारों में सौदा लेने के लिए जाने से पहले अपने आप को तैयार तो कर ही लेना होगा। मतलब उन्हें मुंह पर मास्क अवश्य ही पहनना होगा। साथ ही सोशल डिस्टेनसिंग पर भी ध्यान देना होगा। प्रधानमंत्री जी ने इसके लिये बहुत बढ़िया “दो गज की दूरी” का इस्तेमाल किया है I यानि कि मिलो-जुलो पर दूर से ही I अभी इस स्तर पर बहुत गड़बड़ी हो रही है। हालात यह है कि दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में पढ़े-लिखे लोग भी बहुत ही लापरवाही कर रहे हैं। इनमें रहने वाले पढ़े-लिखे शिक्षित लोग भी सुबह पार्कों और बाजारों में बिना मास्क पहने घूम रहे होते हैं। वे सोशल डिस्टेनसिंग या “दो गज की दूरी “ पर भी आवश्यक ध्यान नहीं दे रहे हैं।

महाराष्ट्र में कोरोना के रोगियों की तादाद अब तो 80 हजार से ज्यादा हो चुकी है। वहां पर स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। मुंबईकरों को अपने को कोरोना के हमले से बचाना ही होगा। पर वे तो मरीन ड्राइव पर सुबह इस तरह से निकलने लगे हैं मानो सब कुछ सामान्य हो गया हो। सैकड़ों मुंबईकर मरीन ड्राइव पर मास्क लगाकर टहलते तो दिखाए देते हैं लेकिन वहां सोशल डिस्टेनसिंग की कोई परवाह नहीं कर रहा है। महाराष्ट्र सरकार ने अब समुद्र तटों के किनारे सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे तक के लिए घरों से बाहर निकलने की इजाजत दे दी है। यहां तक ठीक है। पर लोगों को दो गज की दूरी का भी तो सख्ती से पालन भी तो करना चाहिए। देखिए कोरोना को हराने के क्रम में हमारी लड़ाई को तब ही बड़ी सफलता मिलेगी जब हम इसे दिल्ली और मुंबई से उखड़ा कर फेक देंगे। ये दोनों महानगर देश के लिए अति महत्वपूर्ण है। एक तो देश की राजधानी है, तो दूसरी आर्थिक राजधानी। दिल्ली में दो सौ से अधिक देशों के दूतावास और उच्यायोग है। यहां पर हजारों राजनयिक भी रहते हैं। इसके अलावा दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ही दस हजार से अधिक जापानी, चीनी, साउथ कोरिया वगैरह देशों के नागरिक रहते हैं। इसलिए हमें दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में कोराना के जहर को तुरंत खत्म करना होगा। इसके लिए यह अत्यंत ही जरूरी है कि केन्द्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करें। ये कमोबेश कर भी रही हैं। इस संकटकाल में हमें सिर्फ अपना खुद का पीठ ठोंकने और दूसरों की शिकायतें करने की मानसिकता को छोड़ना ही होगा।

दिल्ली में कोरोना को लेकर स्थिति बिगड़ने के लिए तबलीगी जमात की गैर-जिम्मेदाराना करतूतों और फिर प्रवासी मजदूरों के सड़कों पर आ जाने को भी काफी हद तक जिम्मेदार तो माना ही जाएगा। तबलीगी जमात के गैर-जिम्मेदार लोगों ने सच में शुरू से ही दिल्ली को संकट में डाल दिया था। उन दोषियो पर कठोर कार्रवाई तो होनी ही चाहिए। इस बीच, अब आगे के बारे में भी सोचना होगा। उसी हिसाब से रणनीति तय करनी होगी ताकि कोरोना वायरस को शिकस्त दे दी जाए।

अगर बात मुंबई की करें तो भारत की आर्थिक प्रगति का रास्ता तो यहां से ही निकलता है। मुंबई स्टाक एक्सेंज में लिस्टिड लगभग 70 फीसद कंपनियों के मुख्य कार्यालय मुंबई में ही हैं। देश के चोटी के उद्योगपति भी मुंबई में ही रहते हैं। जब मैं मुंबई की बात करता हूं, तो मेरा आशय कहीं ना कहीं महाराष्ट्र से भी तो होता है। आखिर मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी है। यह देश का सबसे प्रमुख औद्योगिक राज्य भी है। महाराष्ट्र ने नब्बे के दशक में शुरू हुए आर्थिक उदारीकरण का लाभ उठाते हुए अपनी जीडीपी को मजबूत बनाया और वर्तमान में जीडीपी के हिसाब से महाराष्ट्र देश का सबसे अग्रणी राज्य है। क्या यह छोटी बात है कि महाराष्ट्र की जीडीपी का आकार पकिस्तान की जीडीपी से भी कहीं अधिक है?

दरअसल दिल्ली-मुंबई महानगर एक तरह से अपने आप में लघु भारत भी हैं। इनमें कुल जमा पांच करोड़ के आसपास लोग रहते हैं। यह आंकड़ा थोड़ा ज्यादा-कम हो सकता है। क्योंकि बड़ी संख्या में उप-नगरों से आने-जाने वाले लोग भी तो हैं I इनमें बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को हर हालत में घटाना ही होगा। यह संभव है अगर दिल्ली-मुंबई के लोग घरों से बाहर सिर्फ विशेष परिस्थियों में ही निकले, मास्क पहनना कभी ना भूले और दो गज की दूरी का ख्याल रखें। यह सब कोई बहुत कठोर शर्तें तो नहीं हैं। अगर वे इस दिशा में ईमानदारी का परिचय देंगे तो बात बन जाएगी। इन दोनों जगहों में कोरोना को हराने से देश-दुनिया में एक अच्छा सकारात्मक और सार्थक संदेश जाएगा।

एक बात और भी महत्वपूर्ण है। कोरोना काल के बाद सोशल मीडिया पर तमाम वीडियो वायरल हो रहे हैं । इनमें दिखाया जा रहा है कि कोरोना संक्रमित रोगियों को अस्पतालों में जगह नहीं मिल रही है। वे मारे-मारे घूम रहे हैं। इनमें कितना सच है, इसकी पड़ताल करने की जरूरत है। क्योंकि सोशल मीडिया पर कोई भी कुछ भी वायरल कर सकता है। लेकिन, सरकारों को उन निजी अस्पतालों पर कठोर एक्शन लेने में देरी नहीं करनी चाहिए जो रोगियों को नोच-नोच कर खा रहे हैं। निजी अस्पतालों को लेकर अखबारों में भी तमाम खबरें आ रही हैं कि वहां पर कोरोना संक्रमित रोगियों को भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। यह स्थिति तुरंत ही रूकनी चाहिए। यह सच में घोर निऱाशाजनक स्थिति है कि पैसे कमाने की हवस के चलते कुछ अस्पताल पत्थर दिल हो गए हैं। उनके अंदर का इंसान मर गया है। आखिर सरकारें इन इंसानियत के दुश्मनों पर एक्शन लेने में देरी किस कारण से कर रही है? यह सभी सरकारों की भी अग्नि परीक्षा है। उन्हें देश के आम नागरिक को कोरोना के साथ-साथ इंसानों का खून चूसने वाले राक्षसों की भी कमर तोड़नी होगी।

(लेखक वरिष्ठ संपादक, स्तंभकार और पूर्व सांसद हैं।)

गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉
Edited By: Samridh Jharkhand

Related Posts

Latest News

Koderma News: मुहर्रम पर सुरक्षा पुख्ता, चंदवारा पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन Koderma News: मुहर्रम पर सुरक्षा पुख्ता, चंदवारा पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन
Koderma News: एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से पकड़े गए स्नेचर
वन विभाग के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: दो साल में हाथियों ने ली दो दर्जन से अधिक जानें, खदेड़ने में नाकाम रही टीम
Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
CCL दरभंगा हाउस में राजभाषा कार्यशाला आयोजित: नोडल अधिकारियों की भूमिका पर हुआ विशेष मंथन
Ranchi News: सेंट जेवियर्स कॉलेज, शारदा इन्फ्रासोल्यूशंस का शानदार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित
PM Kisan eKYC Online 2026: घर बैठे मोबाइल से ऐसे करें eKYC, नहीं रुकेगी ₹2000 की किस्त
2029 की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पदाधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
PM Kisan Beneficiary Status 2026: ऐसे चेक करें ₹2000 आया या नहीं, जानें पूरा तरीका
Deoghar News: फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बन ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोहनपुर से दबोचा गया
Ranchi News: सीआईटी में नशामुक्त भारत पर विचार गोष्ठी, शिक्षकों-कर्मचारियों ने ली सामूहिक शपथ
तेज रफ्तार वाहन रोकने पर मनबढ़ों का तांडव, घर में घुसकर पिस्तौल तानी; ग्रामीणों ने चार को दबोचा