मुख्यमंत्री जनसंवाद में 21 शिकायतों की समीक्षा, कई निर्देश
On
रांची: मुख्यमंत्री जनसंवाद में बुधवार को 21 शिकायतों की समीक्षा करने के साथ ही मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष सचिव रमाकांत सिंह ने कई मामलों में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश अधिकारियों को दिया। धनबाद जिले के राजगंज में 2013-14 में पैक्स द्वारा किसानों को धान का बीज उपलब्ध कराया गया था, लेकिन इस प्रखंड के लूतीपहाड़ी और मुरायडीह पंचायत में किसानों की फसल बर्बाद होने पर विशेष सचिव ने किसानों के मुआवजा का शीघ्र भुगतान करने का निर्देश दिया।
अविलंब कराएं शौचालय निर्माण
पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड के बुदूहातू और दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड के शंकरपुर गांव के छूटे हुए शौचालय के निर्माण के लिए रमाकांत सिंह ने जिला पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को छूटे हुए लाभुकों की सूची तैयार कर जल्द ही उनके घरों में शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया।
मुआवजा देने का निर्देश
लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड के बसिया गांव के भोला महतो व अन्य की लगभग सात साल पहले टोरी-शिवपुर रेललाइन के लिए उनकी जमीन का अधिग्रहण के मुआवजा भुगतान के लिए एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
15 सालों से किराया भुगतान नहीं
देवघर जिले के सारठ प्रखंड स्थित कुकराहा गांव में ललित कुमार सिंह के आवास में उप स्वास्थ्य केंद्र के लगभग 15 साल 4 माह से किराए का भुगतान स्वास्थ्य विभाग की ओर से नहीं किये जाने पर 15 दिनों के अंदर मकान मालिक को किराया भुगतान करने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग के नोडल पदाधिकारी को दिया गया।
सरकारी चांपानल पर कब्जा करने वालों पर एफआई करें
बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड के महाल पंचायत में दो चांपानलों पर एक व्यक्ति ने निजी कब्जा की शिकायत पर श्री सिंह ने सरकारी चांपानल का निजी इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर और चांपानल को उसके घर की चहारदीवारी के बाहर अविलंब लाने का निर्देश दिया।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







