पीएम रांची की धरती से देश को देंगे कई सौगात: रघुवर
On
– किसान मानधन योजना, खुदरा व्यापारिक दुकानदार व स्वरोजगार पेंशन योजना सहित देशभर में 462 एकलव्य मॉडल विद्यालय का शिलान्यास होगा
– देश के पहले पेपरलेस विधानसभा भवन व मल्टी मॉडल टर्मिनल होगा उदघाटन
– नए सचिवालय भवन की रखेंगे आधारशिला
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड की धरती से 12 सितंबर को देश को तीन बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे। रांची में आहूत समारोह में वे प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, खुदरा व्यापारिक व स्वरोजगार पेंशन योजना सहित एकलव्य मॉडल विद्यालय का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावे पीएम झारखंड विधानसभा के नये भवन व साहेबगंज में मल्टीमॉडल बंदरगाह का भी ऑनलाइन उदघाटन करेंगे। 1238 करोड़ की लागत से बनने वाले झारखंड सचिवालय के नए भवन की आधारशिला रखेंगे। ये बाते मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सूचना भवन में मीडिया से बातचीत के क्रम में कही।
सीएम ने कहा कि पूूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजयेपी ने जिस उदेश्य के साथ झारखंड को अलग राज्य बनाया था, उन्हीं के सपनों का झारखंड बनाने के लिए पीएम मोदी झारखंड से ही कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। कहा कि किसानों के जीवन में सामाजिक सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने के लिए मासिक पेंशन के रूप में प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना लागू की जा रही है। इस योजना के तहत 18 से 40 वर्ष के उम्र के किसानों का रजिस्ट्रेशन होगा। किसानों को 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद तीन हजार रुपए मासिक पेंशन मिलेगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के लिए झारखंड में एक लाख नौ हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण हो चुका है। दास ने कहा कि पीएम इस दिन देश के खुदरा व्यापारिक दुकानदार व स्वरोजगार पेंशन योजना की भी शुरुआत करेंगे। भारत की आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने इस प्रकार की पहल की है। खुदरा व्यापारियों व दुकानदारों को भी 60 साल की उम्र के बाद तीन हजार प्रतिमाह पेंशन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम इस मौके पर देश के जनजातीय क्षेत्रों में 462 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का आनलाइन शिलान्यास करेंगे। इसमें झारखंड के 13 जिलों में 69 एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं। कहा कि अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को शहरों की तरह ही गांव में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसीलिए एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं। जनजातीय क्षेत्रों का विकास सरकार की विशेष प्राथमिकता है। कहा कि 19 साल के बाद झारखंड को अपना विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। 2014 में मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद ये मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता में थी। अब यह सपना साकार होने जा रहा हैै। कहा कि पीएम ने साहेबगंज में मल्टी मोडल टर्मिनल का शिलान्यास किया था व अब उन्हीं के हाथो इसका 12 सितंबर को इसका उदघाटन हो रहा है। इस मल्टी माॅडल टर्मिनल के शुरु होने से संथाल परगना इलाके में औद्योगिक और व्यापारिक विकास के नए दरवाजे खुल जाएंगे। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर हजारों स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के अलावे पूरे राज्य में विकास की गति तेज होगी।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







