संकल्प लें प्लास्टिक का उपयोग नही करेंगे: मुख्यमंत्री
On
सीएम के नेतृत्व में मंत्रियों, विधायकों व अधिकारियों ने शुरु किया स्वच्छता अभियान
रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर झारखंड को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने का अभियान बुधवार को आरंभ हो गया। खुद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसकी अगुवाई की और उनका साथ दिया मंत्रियों, विधायकों व अधिकारियों ने। अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र कर उसे नष्ट किया जाएगा। इसके अलावे लोगों को जागरूक किया जाएगा, कि वे प्लास्टिक की थैलियों का प्रयोग ना करें। सीएम ने कहा कि सभी एकजुटता के साथ प्लास्टिक को ना बोलने की आदत बना लें, तो एक साल के भीतर यह समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में अभियान को साकार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्लास्टिक से होनेवाले पर्यावरण व स्वास्थ्य की नुकसान संबंधी बातों को बताया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रांची में नारा लगाया कि हम सबने मिलकर ठाना है, प्लास्टिक को मिटाना है।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया गांधी व शास्त्री को नमन
राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गांधी जयंती के अवसर पर मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। दोनों ने लोगों से अपील की कि राष्ट्रपिता के सपनों का एक सुखद झारखंड, एक स्वावलंबी झारखंड, एक समृद्ध झारखंड, एक सुखद भारत, एक समृद्ध भारत और एक स्वावलंबी भारत बनाना है। कहा कि गांधी ने सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के प्रतिकार की अवधारणा की नींव संपूर्ण अहिंसा के सिद्धांत पर रखी गयी थी, जिसने भारत को आजादी दिलाकर पूरी दुनिया के सामने लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों व स्वतंत्रता के लिए आंदोलन के नये स्वरूप को सामने रखा।
सीएम ने कहा कि 67वर्षों बाद गांधी जी के सपनों को पूरा करने का प्रयास हुआ। पिछले 5 वर्षों में देशवासियों ने राष्ट्रपिता के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने का काम किया है। केंद्र व राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्वच्छ झारखंड व स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कहा कि सरकार व आम जनता के अथक प्रयास का ही परिणाम है, कि आज हमारा झारखंड शत प्रतिशत खुले में शौच मुक्त है। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छ झारखंड आज हम राष्ट्रपिता के चरणों में समर्पित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी लोग मिलकर एक स्वच्छ झारखंड एक स्वच्छ भारत, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त झारखंड सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने में अपनी महती भूमिका निभानी है।
शास्त्री जी ने जवानों व किसानों को नई प्रेरणा दी
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जय जवान जय किसान से देश के सुरक्षा बल और किसानों को नयी प्रेरणा दी। आज उनकी प्रेरणा से राज्य सरकार ने झारखंड के किसानों के समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना चला रही है, ताकि झारखंड के किसान आर्थिक रूप से सबल हो सके व समृद्धशाली बन सकें। राष्ट्र देश के सभी सुरक्षा बल के जवानों को भी नमन कर रहा है।
218 प्रशिक्षणार्थियों को सर्टिफिकेट
झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तहत 218 प्रशिक्षणार्थियों को मुख्यमंत्री ने सर्टिफिकेट प्रदान किया ,जिसमें ओरमांझी की पार्वती देवी, लवली चौधरी, लीना कुमारी, संध्या लकरा, झमा प्रभा, मोनी दास, चंदा प्रवीण ऋतु कुमारी पाठक सहित अन्य शामिल थीं। मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद रांची संजय सेठ, विधायक डॉ जीतू चरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, पेयजल एवं स्वच्छता सचिव आराधना पटनायक सहित अन्य गणमान्य लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
सीएम ने किया भिक्षाटन
मुख्यमंत्री ने मौके पर भिक्षाटन करके हातमा बस्ती में लोगों से प्लास्टिक मांगी। हातमा बस्ती के पाहन जगलाल पहन के घर में मुख्यमंत्री ने बैठकर लोगों का हाल-चाल भी पूछा। इस मौके पर उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से प्लास्टिक को ना बोलने को आदत में शामिल करने का आहवान किया। प्लास्टिक के लिए जन आंदोलन छेड़ने की जरूरत है। जिस दिन हरेक व्यक्ति बच्चा और समाज का हर एक तबका प्लास्टिक के खिलाफ उठ खड़ा होगा। उस दिन झारखंड प्लास्टिक मुक्त हो जाएगा। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को पहल करने की जरूरत है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:









