ईवीएम और स्ट्रॉन्ग रूम पर बयानबाजी तेज: पबित्र मार्घेरिटा का गौरव गोगोई पर पलायन का आरोप
असम की राजनीति में ईवीएम और स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर चुनाव से पहले हार की आशंका में पलायन की तैयारी करने का आरोप लगाया है।
जोरहाट (असम): केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे ईवीएम और स्ट्रॉन्ग रूम को मुद्दा बनाकर चुनाव परिणाम से पहले ही “पलायन का रास्ता” तैयार कर रहे हैं।
शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई और असम कांग्रेस के नेता देवब्रत सैकिया- दोनों इस बार चुनाव में हार का सामना करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जोरहाट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए की जीत निश्चित है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में जनता का व्यापक समर्थन एनडीए के पक्ष में है, जिसके चलते सभी सीटों पर जीत तय मानी जा रही है।
