खूंटी के चलागी गांव में युवक की खुदकुशी से सनसनी, परिजनों से विवाद के बाद घटना, पुलिस कर रही जांच
खूंटी जिले के चलागी गांव में एक युवक ने आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
खूंटी: खूंटी थाना क्षेत्र के चलागी गांव में लगभग 30 वर्षीय आकाश कर्मकार नामक युवक ने शुक्रवार की देर रात फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, आकाश कर्मकार नशे की हालत में था।
बताया जा रहा है कि उसने एक दिन पहले अपने भाई से ऑनलाइन पैसे भेजने को कहा था, लेकिन गलती से वह पैसा किसी दूसरे मोबाइल नंबर पर चला गया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई थी।
बताया जाता है कि रात में आकाश घर से कुछ दूरी पर गया और एक कटहल के पेड़ में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खूंटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
आकाश कर्मकार अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख और मातम का माहौल है। पुलिस ने शनिवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
