पढ़ें Report: बच्चा चोर के संदेह में युवक की पिटाई, मौत
On
– रामगढ़ में पुलिस ने युवक को भीड़ से बचाया, जामताड़ा में पिता की पिटाई
रांची: झारखंड के धनबाद जिले में पिछले दिनों बच्चा चोर गिरोह के चार सदस्यों के गिरफ्तार होने के बाद से पूरे प्रदेश में अफवाह पांव पसारने लगा है। बच्चा चोर गिरोह की आशंका को लेकर कई क्षेत्रों में मॉब लिंचिंग की घटनाएं हो रही है। धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के भागाबां गांव में गुरुवार की शाम ग्रामीणों ने मानसिक रूप से कमजोर एक युवक को जमकर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में पीएमसीएच में भर्ती कराया, जहां उसने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
बताया गया है कि बच्चा चोर समझ कर गांव के ही लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार करने में जुट गई है। इधर, रामगढ़ थाना क्षेत्र के विकास नगर गौशाला में आज सुबह भीड़ ने विनोद केरकेट्टा नामक एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बचाया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गिरिडीह जिले गांवा थाना क्षेत्र में ग्रामीण विद्युतीकरण के कार्य में लगी एक निजी कंपनी के चार कर्मचारियों की भी ग्रामीणों ने गुरुवार शाम जमकर धुन दिया। कंपनी के कर्मचारी जिस वाहन पर सवार थे, उसे भी ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त कर दिया और क्षतिग्रस्त वाहन का शीशा वाहन चालक की गर्दन में जा धंसा। इस दौरान चारों कर्मियों को बचाने पहुंचे गांव के खरसान पंचायत के मुखिया मकसूद आलम समेत गांव के चिकित्सक डॉ सबा अहमद को भी ग्रामीणों ने पीटा। पिटाई के कारण मुखिया का हाथ टूट गया।
गुरुवार को जामताड़ा बस स्टैंड पर एक पिता अपने बेटा-बेटी को लेकर जा रहे थे, तो छोटे बेटे ने चिप्स खरीदने की जिद की। हाथ छुड़ाकर वह दुकान की ओर भागा तो लोगों ने पिता को ही बच्चा चोर समझ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। वहीं भीड़ से दूर दोनों बच्चे अपने पिता की पिटाई देखकर रोते रहे, लेकिन किसी ने न तो बच्चे की बात सुनी और न ही उसके पिता की बात सुनी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बचाया। लातेहार जिले में भी गुरुवार को भीड़ ने बच्चा चोर के संदेह में एक महिला की जमकर पिटाई कर दी। कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में भी बच्चा चोर के युवक को पीट दिया। रामगढ़ पुलिस ने इस बाबत किसी प्रकार की घटना को लेकर तत्काल 100 नंबर पर डायल करने या स्थानीय थाना को सूचित करने की अपील की है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







