दुमका: भीड़ के हत्थे चढ़ा मोस्ट वांटेड भोला हाजरा, ग्रामीणों ने किया सेंदरा
On
दुमका/रांची: झारखंड के दुमका के जरमुंडी थाना क्षेत्र के चिंहुटिया गांव में बुधवार व गुरुवार की रात एक मोस्ट वांटेड अपराधी 49 वर्षीय भोला हाजरा की ग्रामीणों ने लाठियों व डंडे से बेरहमी से पीट- पीटकर हत्या कर दी। मृतक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था व उसके पुराने आपराधिक इतिहास रहे हैं। बताया जा रहा है कि अपराधी भोला अपने तीन साथियों के साथ गांव के अनंत मरांडी के घर मे चोरी करने घुसा था। गांववालों को भनक मिलते ही सभी इकट्ठा होकर अपराधियों को घेर लिया। इस दरमियान मौका का फायदा उठाते हुए भोला के तीन साथी फरार हो गए, जबकि भोला ग्रामीणों की चंगुल में फंस गया। ग्रामीणों ने उसे घेरकर पीटते- पीटते जान से मार डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत मौके पर पंहुची पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगे की पड़ताल में जुट गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार चिहुंटिया गांव निवासी ओलोन लाल मरांडी के घर बीती रात करीब एक बजे चार चोर सेंधमारी कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। इस बाबत खट- खट की आवाज से गृहस्वामी ओलोन लाल मरांडी की नींद खुल गई व उसने अपने घर के गली में देखा कि चोर सेंधमारी में लगे थे। उसने चोर- चोर का हल्ला मचाना शुरू कर दिया। इस कारण लोकल ग्रामीणों के साथ- साथ आसपास के गांव के लोग जुटने लगे। ग्रामीणों को देखने के बाद चोर आनन- फानन में इधर- उधर भागने लगे। ग्रामीणों ने एक चोर को दौड़ाकर पकड़ा व फिर खेत में सेंदरा कर दिया। उसके अन्य साथी अंधेरे एवं चारों ओर फैली झाड़ियों का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। जिले के पुलिस कप्तान वाई एस रमेश ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है व दुमका के अलावा सारवा, देवघर और पंजाब में भी कई मामले दर्ज हैं। कहा कि सारवा थाना क्षेत्र में हथियार एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जिसमें ये जेल भी जा चुका था। इसके अलावा इसी थाना में मृतक के खिलाफ डकैती का भी मामला दर्ज है। कहा कि मृतक डकैत था व चोरी के इरादे से ही पहुंचा था।
माॅब लिंचिंग की वारदात
अभी तबरेज अंसारी कांड की आंच धीमी भी नहीं हुई है, कि एक बार फिर से दुमका में भीड़ द्वारा कानून को हाथ में लिया है। लोकसभा चुनाव के बाद झारखंड के सिमडेगा, गुमला और अब दुमका में भीड़ हिंसा देखने को मिली है। 20 जुलाई को गुमला जिले में अज्ञात हमलावरों ने दंपती समेत 4 बुजुर्गों की पीट- पीटकर हत्या कर दी थी। सरायकेला के धातकीडीह में 17 जून को ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में कदमडीहा के युवक तबरेज अंसारी को पकड़ा था। उसे खंभे से बांधकर पिटाई की थी और उससे जबरन जय श्रीराम के नारे लगवाए थे। अगली सुबह उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने तबरेज को जेल भेजा था, जहां उसकी मौत हो गई।
[URIS id=9499]
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:
Related Posts


Latest News







