पत्रकारों को दी गई पेंशन व पत्रकार जीवन बीमा की जानकारी
रांची: जिला सूचना व जनसंपर्क कार्यालय में मुख्यमंत्री पत्रकार जीवन बीमा योजना व झारखंड पत्रकार सम्मान पेंशन नियमावली 2019 विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस बाबत जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डाॅ प्रभात शंकर ने दोनों योजनाओं के बारे में पत्रकारों को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से पूरी जानकारी दी।
डाॅ शंकर ने पत्रकारों को बताया कि झारखंड राज्य में अपनी सेवा देने वाले अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादित करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना में वैसे पत्रकारों को लाभान्वित किया जाएगा जो झारखंड राज्य में पत्रकारिता कर रहे हैं। इस पर लगने वाले प्रीमियम का भुगतान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना की प्रीमियम राशि 330 रुपये वार्षिक व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की प्रीमियम राशि 12 रुपये का भुगतान झारखंड पत्रकार कल्याण कोष से किया जाएगा।


