लखनऊ कोचिंग आग हादसे में बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार और 4 अधिकारी सस्पेंड

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईलेवल बैठक कर दिए सख्त निर्देश

लखनऊ कोचिंग आग हादसे में बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार और 4 अधिकारी सस्पेंड
लखनऊ के अलीगंज स्थित आग हादसे के बाद जांच और राहत कार्य में जुटी टीम।

लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर भवन में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में कोचिंग संचालित होने वाली व्यावसायिक इमारत में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भवन मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ऊर्जा विभाग, फायर विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

भवन मालिक समेत चार लोगों की गिरफ्तारी

अलीगंज पुलिस ने देर रात इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अलीगंज सेक्टर-डी निवासी रामकृष्ण उपाध्याय, सीतापुर रोड निवासी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, ठाकुरगंज निवासी तुषॉक कृष्णा जायसवाल तथा मड़ियांव के केशवनगर निवासी सुरेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आग हादसे में लापरवाही और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

चार अधिकारियों पर भी गिरी गाज

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ऊर्जा विभाग के जानकीपुरम एक्सईएन (कलेक्शन) गौरव कुमार, फायर विभाग के एफएसएसओ कमलेन्द्र कुमार सिंह, एलडीए के सहायक अभियंता (AE) अनिल कुमार और जूनियर इंजीनियर (JE) प्रमोद पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: इतिहास के पन्नों में 18 जून: रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान दिवस, वीरता की अमर गाथा

सरकार का मानना है कि संबंधित अधिकारियों की भूमिका और निगरानी व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई है।

यह भी पढ़ें: PM Kisan 23rd Installment: 20 जून को खाते में आएंगे ₹2000? पहले चेक कर लें ये 3 जरूरी शर्तें

सात दिन में रिपोर्ट देगी SIT

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग पर उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने अमृत अभिजात (अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ कार्य एवं संस्कृति विभाग) और प्रवीण कुमार (अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन) के नेतृत्व में दो सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए हैं।

एसआईटी को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपनी होगी। सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में कई अन्य अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका भी आ सकती है।

2016 में जारी हुआ था ध्वस्तीकरण आदेश

हादसे के बाद अब भवन से जुड़े पुराने दस्तावेज भी चर्चा में हैं। जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी, उसके खिलाफ वर्ष 2016 में अवैध निर्माण को लेकर ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था।

लखनऊ विकास प्राधिकरण ने उस समय भवन में अनधिकृत निर्माण पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के बाद 10 मई 2016 को ध्वस्तीकरण का आदेश भी पारित किया गया था।

हालांकि, हैरानी की बात यह है कि यह आदेश जारी होने के दो महीने के भीतर ही 5 जुलाई 2016 को निरस्त कर दिया गया था। अब इस फैसले को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

1980 में हुआ था भवन का आवंटन

एलडीए रिकॉर्ड के अनुसार, अलीगंज योजना के सेक्टर-डी स्थित भवन संख्या एमएस/102/डी का आवंटन 11 जुलाई 1980 को लॉटरी प्रणाली के तहत विजय कुमार के नाम हुआ था। वर्ष 2005 में यह भवन विक्रय विलेख के जरिए विजय कुमार और उनकी पत्नी उषा के नाम दर्ज हुआ।

बाद में 19 जनवरी 2013 को भवन वीरेंद्र प्रताप शुक्ला और सुरेंद्र प्रताप शुक्ला के नाम बेचा गया। वर्ष 2014 में एलडीए ने नामांतरण प्रक्रिया पूरी की और आवासीय उपयोग के लिए मानचित्र भी स्वीकृत किया था।

कई सवालों के घेरे में व्यवस्था

अग्निकांड के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस भवन के खिलाफ अवैध निर्माण का मामला दर्ज हुआ था और ध्वस्तीकरण का आदेश भी जारी किया गया था, वह आखिर कैसे संचालित होता रहा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, विभागीय निगरानी में कमी और पुराने आदेशों को निरस्त किए जाने को लेकर जांच एजेंसियां अब सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

सरकार ने संकेत दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉
Edited By: Susmita Rani
Susmita Rani Picture

Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.

Latest News

फीफा विश्व कप 2026: मेसी के डबल स्ट्राइक से ऑस्ट्रिया पर अर्जेंटीना की जीत फीफा विश्व कप 2026: मेसी के डबल स्ट्राइक से ऑस्ट्रिया पर अर्जेंटीना की जीत
इतिहास के पन्नों में 24 जून: क्रिकेट, टेनिस और संचार जगत की बड़ी घटनाएं
कतर के रास लाफान में बड़ा हादसा, 12 भारतीय नागरिकों की गई जान
फीफा विश्व कप 2026: जर्मनी को बड़ा झटका, स्टार डिफेंडर निको श्लोटरबेक विश्व कप से बाहर
लखनऊ कोचिंग आग हादसे में बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार और 4 अधिकारी सस्पेंड
Dhanbad News: पुलिस को बड़ी कामयाबी, हाईटेक बाइक चोर गिरोह के 5 अपराधी गिरफ्तार
Hazaribagh News: मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, आपसी भाईचारे और सौहार्द पर जोर
Hazaribagh News: विश्व योग दिवस पर विभावि जन्तु विज्ञान विभाग द्वारा सामुदायिक जागरण कार्यक्रम आयोजित 
Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती की कमान, अनफिट और ओवरलोडेड वाहनों पर चलेगा सघन विधिक अभियान
Giridih News: मुहर्रम पर शांति समिति की बैठक, उपायुक्त ने दिए कड़े विधिक निर्देश
NEET मामले पर जेएमएम के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, केवल राजनीति कर रही सरकार
26 जुलाई से सजेगा डूरंड कप का मंच, खेल सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर हुई उच्च स्तरीय बैठक