Hazaribagh News: उपायुक्त के आदेश पर खाद्य सुरक्षा टीम का मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण
प्रतिबंधित रंगों के उपयोग पर सख्त हिदायत
हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डीसी ऑफिस के पास मां शारदा स्वीट्स और रामलाल स्वीट्स में औचक निरीक्षण कर खोवा, पनीर व मिल्क केक के सैंपल जब्त किए। इस दौरान एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट कराई गई तथा दुकानदारों को अखबार और प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती के आदेशानुसार एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-01 मंजर हुसैन के नेतृत्व में हजारीबाग क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में मां शारदा स्वीट्स, डीसी ऑफिस के निकट, हजारीबाग का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से खोवा एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं रामलाल स्वीट्स, सिंदूर से मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य जांच खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं गुणवत्ता से संबंधित निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन करने तथा ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, अमरीश पांडे, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-03 नावेद अंजुम, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-04 श्वेता त्रिपाठी सहित विकास शर्मा, सूरज कुमार एवं धनैश्वर कुशवाहा शामिल थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








