रामगढ़ः सम्मान को बचाकर सत्ता परिवर्तित करना है: हेमंत सोरेन
On
रामगढ़ः बदलाव यात्रा के क्रम में रामगढ़ पहुंचे झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने बुधवार को कहा कि पूरे राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और रघुवर सरकार इसे ऐतिहासिक पल बताने का काम कर रही है। भाजपा के विकास का पैमान समझ से परे है, क्यों कि एक ओर यहां हर दिन एक लाश गिर रही है। कभी किसान आत्महत्या कर रहे हैं, तो कभी गरीब भूख से मर रहा है। यहां तक कि युवा पीढ़ी रोजगार के लिए अपनी जान गंवा रहे हैं। सोरेन ने कहा कि हमें स्वाभिमान के साथ- साथ सम्मान की रक्षा करते हुए सत्ता परिवर्तित करना है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां के छावनी परिषद मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर झारखंडियों को अपना जल, जंगल, जमीन और आत्म सम्मान बचाना है तो उन्हें राज्य में सत्ता परिवर्तन करना ही होगा। कहा कि आदिवासियों ने सबसे पहले अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आजादी के बाद भी जब उनकी उपेक्षा होती रही तो अलग प्रदेश के लिए आंदोलन किया। काफी जद्दोजहद के बाद झारखंड बना। लेकिन विडंबना ये है कि आज प्रदेश की बागडोर उन लोगों के हाथ में है जो आदिवासी हक के विरोधी रहे। यही कारण है कि वे यहां के आदिवासी व मूल वासियों का शोषण कर रहे हैं। सोरेन ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और जमीन को लूटा जा रहा है। एक साजिश के तहत यहां के लोगों को भूमिहीन बनाने की योजना तैयार कर ली गई है। जब जमीन ही नहीं रहेगा तो आदिवासियों का अस्तित्व भी नहीं बचेगा। हेमंत सोरेन ने कहा कि आज युवा पीढ़ी डिग्री तो हासिल कर ले रहा है, लेकिन उसे नौकरी नहीं मिल रही। इसी कारण आज आत्महत्या करने वालों की सूची में भाजपा नेताओं के बच्चे भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया रघुवर दास ने शहर से लेकर गांव तक में निराशा का माहौल बना दिया है।
सोरेन ने कहा कि यहां के किसानों की जमीन पूंजीपतियों को दी जा रही है। हालात यह है कि कोई सरकार से सवाल करे तो उसे जेल जाना होगा नहीं तो उसे जान देनी होगी। आज झामुमो अपने सपनों को कुचलने का अधिकार भाजपा को नहीं दे सकते। एक भी भाजपाई नहीं है जो झारखंड के आंदोलन में शामिल रहा हो। उन्होंने आजसू को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एक ओर स्थानीय नीति पर आजसू भाजपा के साथ सांठगांठ करती है और कैबिनेट के बाहर आकर घड़ियाली आंसू बहाती है। ऐसे दोहरे चरित्र वाली पार्टियों से भी सावधान रहना है। पहले प्रदेश में कोयला सिर्फ कोल इंडिया निकालता था। बाद में टाटा, बिरला, उषा मार्टिन को इसमें शामिल किया गया। लेकिन अब 2020 में विदेशी कंपनियों को निवेश करने के लिए सारे खदान का दोबारा ऑक्शन कराने की तैयारी की जा रही है। भाजपा चाहती है कि यहां के लोग सिर्फ मजदूर बनकर रहें। हेमंत सोरेन ने कहा कि जमीन की सरकार बनती है तो निजी कंपनी में झारखंड वासी को 75 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा हर गांव तक अपने एजेंट भेज चुकी है। सरकारी कर्मचारी तो हड़ताल पर हैं, लेकिन भाजपा के दलाल गांव-गांव में जाकर लोगों को भ्रम जाल में फंसा रहे हैं। पूर्व सीएम ने लोगों को कहा कि आपको विधानसभा चुनाव के दरमियान सावधान रहने की जरूरत है।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:









