जनता न हो परेशान, मुख्यमंत्री खुद करेंगे समाधान
On
• रांची को भी देश के अन्य विकसित राज्यों की राजधानी की तरह स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है- मुख्यमंत्री
• शहर में यातायात सुगम करने के लिए कुछ बदलाव किये जा रहे हैं, इसमें सभी सहयोग करें- रघुवर दास
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रांची को भी देश के अन्य विकसित राज्यों की राजधानी की तरह स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाना है। यह अकेले नौकरशाही के बूते संभव नहीं है। जनभागीदारी के बिना इन चीजों में सफलता नहीं मिल सकती है। शहर को साफ सुथरा रखना हो या सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था। इनमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। जब आरा-केरम गांव के लोग अपने गांव को साफ सुथरा रख सकते हैं, तो क्या शहर में हम वार्ड को साफ-सुथरा नहीं रख सकते हैं। यह संभव है, अगर हम मिशन बनाकर काम करें। श्री दास आज रांची नगर निगम में रांची शहर के जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि रांची भी विकसित हो। इसके लिए हमें कष्ट भी सहना पड़ सकता है। शहर में यातायात सुगम करने के लिए कुछ बदलाव किये जा रहे हैं, इसमें सभी सहयोग करें। हो सकता है थोड़े दिन परेशानी हो, लेकिन छह माह के बाद लोगों को इसके नतीजे दिखेंगे। थोड़ा घूमकर जाना हो तो जायें, लेकिन शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग करें। जिस प्रकार से वाहन बढ़ रहे हैं, अभी नहीं सहयोग किया, तो रांची की स्थिति नारकीय हो जायेगी। शहर के सभी रिक्शा, इ-रिक्शा, ऑटो, बस आदि का आंकड़ा नगर निगम के पास होना चाहिए। तभी वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने रांची के उपायुक्त, एसएसपी, नगर आयुक्त, ट्रैफिक एसपी को टीम बनाकर शहर घुमने और जाम से निजात पाने के लिए प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। सभी वार्ड पार्षदों को भी अपने-अपने क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव देने को कहा। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद हर माह अपने वार्ड में बैठक करें। सोमवार को सभी वार्ड में एक साथ बैठक होगी। मुख्यमंत्री भी किसी वार्ड में जायेंगे। इसमें लोगों की समस्या और सुझाव सुनी जायेगी। इस बैठक में स्वच्छता, बीपीएल कार्डधारी मुक्त वार्ड बनाने, यातायात अनुशासन के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम करें। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में गरीबी समाप्त हो। गरीबी रेखा से नीचे रहनेवाले लोगों को रोजगार से जोड़कर इससे बाहर करना है। हमारा गरीब सम्मान के साथ जीना चाहता है। अपने अपने वार्ड में बीपीएल धारी परिवारों की सूची बनायें। सरकार उन्हें रोजगार से जोड़ेगी। रिक्शा चालकों को प्रशिक्षण देकर इ-रिक्शा दिया जायेगा।
शहर में सड़क के किनारे लगनेवाली दुकानों को हटाया जायेगा। इससे पहले इन्हें बसाने की व्यवस्था की जायेगी। रांची में नाइट मार्केट शुरू करने का भी काम किया जा रहा है। शहर की सड़कों पर किसी प्रकार के वाहन खड़े नहीं होने चाहिए। कई दुकानदार अपने वाहन दिनभर दुकान के पास लगाकर रखते हैं, ऐसे वाहनों का चलान काटा जायेगा। बस व ऑटो पड़ाव के लिए जगह चिह्नित करने का निर्देश उन्होंने दिया। रघुवर दास ने कहा कि जान काफी कीमती है। हेलमेट व सीट बेल्ट को अनिवार्य किया जा रहा है। दुर्घटना होने पर इनके उपयोग से जान बच सकेगी और ऐसे मामलोँ में के दुर्घटना मृत्यु दर में कमी आयेगी। किसी का परिवार बच जायेगा। इसे कड़ाई से लागू करने के लिए रांची में उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मोरहाबादी को वाकिंग स्ट्रीट के रूप में तैयार किया जायेगा, जहां लोग केवल पैदल चल पायेंगे। यहां किसी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे। वार्ड पार्षद अपने अपने वार्ड में बेघर व शौचालय विहीन लोगों की सूची भी बनायें। सरकार इन्हें घर व शौचालय बनाकर देगी। इसके साथ ही पार्क के लिए जगह भी चिह्नित करें। नदी व तालाब में कचरा डालने पर रोक लगाने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि इन स्थानों के पास बड़े-बड़े कलश बनाये जायें, जहां लोग पूजा की सामग्री आदि डाल सके। इन्हें प्रोसेस कर खाद बनाया जायेगा। वार्ड पार्षद अपने-अपने वार्ड की बेहतरी के लिए एक सप्ताह में सुझाव देने को कहा।
बैठक में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, मेयर आशा लकड़ा, कांके विधायक ड़ॉ जीतुचरण राम, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, सभी वार्ड पार्षद, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव अरूण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, रांची के उपायुक्त मनोज कुमार, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, नगर आयुक्त अग्रहरि समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:









