रांची के अखबारों की सुर्खियां : सीएम हेमंत ने 24 हजार पदों पर नियुक्ति का दिया निर्देश, अन्य राज्य के लोगों को आरक्षण नहीं, अन्य खबरें
रांची : रांची के अखबारों में आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे के साथ रांची हाइकोर्ट का आरक्षण संबंधी फैसला व बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की खबर प्रमुख है. इसके अलावा अखबारों ने अलग-अलग खबर को प्राथमिकता दी है.
प्रभात खबर ने आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लीड खबर बनाया है. अखबार ने इस खबर का शीर्षक दिया है: ट्रंप ने कहा – भारत के साथ दोस्ती स्थायी, मोदी बोले – हमारी ताकत आपसी विश्वास. अखबार ने अहमदाबाद के भव्य मोटेरा स्टेडियम में पीएम मोदी द्वारा ट्रंप व मेलेनिया के स्वागत की तसवीर छापी है. इसके साथ ही अमेरिका के इस प्रथम दंपती के ताजमहल देखने की तसवीर भी है. ट्रंप ने अपने संबोधन में भारत को महान राष्ट्र बताया और विश्व के लिए इसे प्रेरक बताया. अखबार ने ट्रंप के आतंकवाद पर संबोधन को अलग से रेखांकित किया है. उन्होंने कहा कि कट्टर इस्लामिक आतंकवाद भारत सहित पूरी दनिया के लिए खतरा है. अखबार के अंदर के पन्ने पर एक खबर है जो ध्यान खीचंती है. इस खबर में कहा गया है कि अब बाल विवाह को रोकने के लिए कैटरर, टैंट हाउस वाले व प्रिंटिंग प्रेस वाले वर वधू का एज प्रूफ लेंगे. यह फैसला बाल कल्याण समिति के सिटी एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में लिया गया.दैनिक जागरण की लीड खबर भी ट्रंप की यात्रा पर है. इसका शीर्षक है: हमेशा रहेंगे भरोसेमंद दोस्त. अखबार ने मोदी-ट्रंप के गले मिलने की तसवीर छापी है और उसके बैक ग्राउंड में मोटेरा स्टेडियम में मौजूद विशाल भीड़ को रखा है. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि हम सिर्फ रणनीतिक साझेदार नहीं हैं. अखबार ने लिखा है कि साबरमती आश्रम में ट्रंप ने गांधी को नमन किया और चरखा चलाया. अखबार ने अन्य प्रांतों के लोगों को झारखंड में आरक्षण का लाभ नहीं मिलने के हाइकोर्ट के फैसले, बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता बनने की खबर को प्राथमिकता दी है. एक खबर है कि जीएसआइ ने सोनभद्र में सोने के भंडार होने के दावे को फिर खारिज किया और कहा कि तीन हजार टन सोना होता तो 20 साल बाद रिपोर्ट साझा नहीं करते. अखबार के अदंर के पन्ने पर एक खबर है कि छोटा राजन ने 1998 में दाउद को मारने की योजना बनायी थी. वहीं, मुकेश अंबानी का एक बयान है कि एक दशक में तीसरी सबसे बड़ी इकोनामी भारत बन जाएगा.



