CBSE 12वीं रिजल्ट 2026: मानसी तिवारी ने 95.8% अंक हासिल कर सेंट जेवियर्स स्कूल में किया टॉप
सीबीएसई 12वीं रिजल्ट 2026 में सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल, कोरबा के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की। छात्रा मानसी तिवारी ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में पहला स्थान हासिल किया। वहीं आर्यन सिंह ने जियोग्राफी विषय में पूरे 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। स्कूल के कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जिससे विद्यालय और कोरबा शहर में खुशी का माहौल है।
Mansi Tiwari Topper: सीबीएसई बोर्ड द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और कोरबा शहर का नाम रोशन किया है। विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की।
इस वर्ष विद्यालय की छात्रा मानसी तिवारी ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। मानसी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। इसके अलावा अन्य मेधावी विद्यार्थियों में आर्यन सिंह ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आर्यन सिंह ने जियोग्राफी विषय में पूरे 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। वहीं रिद्धि पटेल ने 90 प्रतिशत, आयुषी साहू ने 89.60 प्रतिशत और आदित्य कुमार ने 89.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष कक्षा 12वीं में विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के कुल 110 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 5 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 35 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा 41 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए और अन्य विद्यार्थियों का भी प्रदर्शन सराहनीय रहा।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और उत्साहपूर्वक सफलता का जश्न मनाया। विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन प्रमोद झा, डायरेक्टर प्रांजल झा, मैनेजर डॉ. डी.के. आनंद तथा प्रभारी प्राचार्या रीता मुखर्जी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय की अनुशासित शिक्षा प्रणाली को दिया। साथ ही कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों और शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
समृद्ध डेस्क (Samridh Desk), समृद्ध झारखंड का आधिकारिक संपादकीय विभाग है, जो निष्पक्ष, पारदर्शी और सामाजिक जागरूक पत्रकारिता के लिए समर्पित है। हम अनुभवी संपादकों, रिपोर्टरों, डिजिटल संवाददाताओं और कंटेंट राइटर्स की टीम हैं, जो सत्य और जिम्मेदारी की भावना से समाज के मुद्दों को सामने लाने का कार्य करती है।
हम हर खबर को तथ्यों, निष्पक्षता और जनहित के दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को केवल सूचना नहीं, बल्कि सच्चाई का पूरा चित्र मिले।
