कोडरमा में नामांकन कल से: घोलप
कोडरमा: तीसरे चरण में कोडरमा विधानसभा हेतु 16 नवंबर से नामांकन शुरू हो रही है। इस बाबत अनुमंडल कार्यालय में दिन के 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया की जाएगी। शनिवार को इसे लेकर अधिसूचना जारी का दी जाएगी। उक्त बातें आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप ने कही। उन्होंने कहा कि नामांकन को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
डीसी ने बताया कि 25 नवंबर तक नाम निर्देशन हेतु समय तय है, जबकि 26 नवंबर को स्क्रूटनी, 27 एवं 28 नवंबर को नाम वापसी एवं अगले दिन चुनाव चिह्न आवंटन किया जाएगा। कोडरमा में 12 दिसंबर को वोटिग व 23 को पूरे राज्य में मतगणना होगी। डीसी ने बताया कि मतगणना हेतु कोडरमा-लोकाई रोड में आईटीआई भवन को चिह्नित किया गया है। यहां चुनाव आयोग के निर्देश पर हर जरूरी व्यवस्था बहाल किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि नाम निर्देशन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यालय के 100 मीटर की दूरी तक की उम्मीदवार वाहनों को ला सकते है। कार्यालय के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाये गये है। जबकि वीडियोग्राफी दल भी हर एक्टिविटी पर नजर रखेगा। इस दौरान डीडीसी आलोक त्रिवेदी, एसी अनिल तिर्की, एसडीओ विजय वर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. शफिल आलम, वाणिज्यकर पदाधिकारी दिलीप मंडल, कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार आदि मौजूद थे।




