उत्तर प्रदेश: बियर पार्टी के दौरान विवाद, युवक की गोली मारकर हत्या
मृतक के परिजनों ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बियर पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीगंज निवासी मैनुद्दीन की कथित तौर पर उसके ही दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी।
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बियर पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, शहर के मुंशीगंज निवासी मैनुद्दीन (35) अपने कुछ दोस्तों के साथ बियर पार्टी में शामिल था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने तमंचे से मैनुद्दीन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक के परिजनों ने रजत मिश्र और भैरव मिश्र समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
शहर कोतवाली प्रभारी दिनेश प्रकाश पांडे ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। कोतवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी रजत मिश्र के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.









