गिरिडीह स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज की सुरक्षा सुनिश्चित करे रेल प्रशासन, दोबारा क्षति पर तय होगी जवाबदेही: सुनील खंडेलवाल

गिरिडीह: गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भारत के राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति एवं उसकी समुचित देखरेख से संबंधित सुनील कुमार खंडेलवाल द्वारा 12 नवंबर 2026 को दर्ज कराई गई शिकायत पर पूर्व रेलवे प्रशासन, आसनसोल मंडल ने संज्ञान लेते हुए आधिकारिक जवाब उपलब्ध कराया है।
इस संबंध में पूर्व रेलवे, आसनसोल की ओर से पत्र संख्या WM/R/CPGRAMS, दिनांक 20 नवंबर 2026 के माध्यम से सूचित किया गया है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भारत का राष्ट्रीय ध्वज गर्वपूर्वक फहराया गया है, जो एकता, शांति, राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का संदेश देता है।
इस सकारात्मक कार्रवाई एवं शिकायत पर संज्ञान लेने के लिए खंडेलवाल ने पूर्व रेलवे प्रशासन तथा आसनसोल मंडल के संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।

हालांकि, खंडेलवाल ने रेल प्रशासन का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर पुनः आकृष्ट कराते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, स्वतंत्रता, सम्मान, अस्मिता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। इसकी गरिमा एवं सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक के साथ-साथ सरकारी संस्थानों और उनके जिम्मेदार पदाधिकारियों का भी संवैधानिक एवं नैतिक दायित्व है।
खंडेलवाल ने कहा कि शिकायत का उद्देश्य केवल उस समय की समस्या को उठाना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि भविष्य में राष्ट्रीय ध्वज के साथ ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। इसलिए उन्होंने रेल प्रशासन से अपेक्षा की है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज की नियमित निगरानी, समुचित रखरखाव एवं समय-समय पर निरीक्षण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ध्वज के क्षतिग्रस्त, गंदे अथवा निर्धारित गरिमा के अनुरूप नहीं रहने की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा नियमानुसार उसे तत्काल बदला जाए।
उन्होंने रेल प्रशासन को स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में आगाह किया कि यदि भविष्य में गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज पुनः क्षतिग्रस्त, जर्जर अथवा अपमानजनक स्थिति में पाया जाता है, तो इसे महज सामान्य प्रशासनिक लापरवाही मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। इस मामले को रेलवे के उच्चाधिकारियों, संबंधित मंत्रालय तथा अन्य सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष साक्ष्यों के साथ उठाने और नियमानुसार उचित कार्रवाई की मांग करने के लिए वे बाध्य होंगे।
खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा की स्थायी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सरकारी व्यवस्था में जवाबदेही तय कराना है। राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े इस विषय में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।
अंततः उन्होंने अपेक्षा जताई कि रेल प्रशासन इस शिकायत को केवल निस्तारित मानकर अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझे, बल्कि यह सुनिश्चित करे कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान, सुरक्षा एवं उचित रखरखाव निरंतर बना रहे। देश के राष्ट्रीय प्रतीक का सम्मान किसी औपचारिकता का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

