स्थापना दिवस पखवाड़ा के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में, पूजा सिंघल ने किया निरीक्षण

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को भव्य एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव सह आयोजन-सह-समन्वय समिति की अध्यक्ष पूजा सिंघल ने मंगलवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूजा सिंघल ने वरीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह व्यवस्थित, भव्य और आम लोगों के लिए यादगार होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों से इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया।
राज्यभर में 17 से 27 नवंबर तक मनाया जा रहा पखवाड़ा
झारखंड राज्य स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर 17 नवंबर से 27 नवंबर तक पूरे राज्य में स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक जिले में तीन प्रमुख थीमों पर आकर्षक एवं सूचनात्मक प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। इनमें वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (एक जिला, एक उत्पाद), वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन (एक जिला, एक पर्यटन स्थल) और वन डिस्ट्रिक्ट, वन इकोनॉमिक एक्टिविटी (एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि) शामिल हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की ओर से सभी उपायुक्तों को पखवाड़े के दौरान प्रभावशाली, आकर्षक और सूचनात्मक प्रदर्शनियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और आर्थिक क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही ‘एक जिला-एक पहचान’ की अवधारणा को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के मनोज कुमार, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी माधवी मिश्रा, रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश लकड़ा, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


