गिरिडीह में जाम और अतिक्रमण से त्रस्त नागरिक, सुनील खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

गिरिडीह: शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या, फुटपाथों पर अतिक्रमण और अनियंत्रित पार्किंग से आम नागरिकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर की प्रमुख सड़कें, चौक-चौराहे और फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं। यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि नागरिकों के लिए अब शहर में पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है।

इस गंभीर जनसमस्या को लेकर सुनील कुमार खंडेलवाल ने झारखंड के मुख्यमंत्री को विधिवत शिकायत भेजी है। शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के संयुक्त सचिव आसिफ हसन के पास अग्रसारित किया गया है।
खंडेलवाल ने शिकायत में कहा है कि फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को मजबूरन मुख्य सड़कों पर चलना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सार्वजनिक सड़कें और फुटपाथ किसी व्यक्ति या व्यावसायिक प्रतिष्ठान की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि आम नागरिकों के निर्बाध आवागमन के लिए सार्वजनिक सुविधाएं हैं। संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 की भावना के अनुरूप नागरिकों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल औपचारिक अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए पूरे शहरी क्षेत्र का व्यापक सर्वेक्षण कराकर सड़कों एवं फुटपाथों को नियमानुसार अतिक्रमणमुक्त करना आवश्यक है। साथ ही व्यवस्थित पार्किंग स्थलों का निर्माण और प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
खंडेलवाल ने सरकार के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखीं। इनमें गिरिडीह के संपूर्ण शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण का सर्वेक्षण कर अवैध कब्जे हटाना, फुटपाथों को पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाना, व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करना, प्रमुख जाम स्थलों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती, अतिक्रमण नियंत्रण के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था तथा जिला प्रशासन एवं नगर निगम को समयबद्ध कार्रवाई के लिए जवाबदेह बनाना शामिल है।
उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि शिकायत को केवल विभागीय पत्राचार तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि गिरिडीह की धरातलीय स्थिति में वास्तविक सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की तथ्यात्मक अनुपालन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।
खंडेलवाल ने कहा कि शहर का विकास केवल सड़कें बनाने से नहीं, बल्कि उन पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने से होता है। आम नागरिकों को अपने ही शहर में पैदल चलने और सुरक्षित घर पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़े, यह किसी भी विकसित शहर की पहचान नहीं हो सकती।


