बजरंग चौक स्थित श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

गिरिडीह: बजरंग चौक स्थित श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, विधिवत पूजन और हवन के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मंदिर परिसर और आसपास का इलाका जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंजता रहा।
प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के तहत सबसे पहले कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद विभिन्न अधिवास और वैदिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्री हनुमान जी की प्रतिमा का शुद्धिकरण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी-देवताओं का आह्वान कर पूरे विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मंदिर निर्माण एवं प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान लखन लाल बरनवाल और उनकी धर्मपत्नी सरिता बरनवाल रहे।
इस अवसर पर पुजारी महेंद्र पांडेय ने प्राण-प्रतिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक वैदिक अनुष्ठान है, जिसके माध्यम से मंत्रोच्चार और भक्तिभाव के साथ मूर्ति में देवत्व की स्थापना की जाती है। इस अनुष्ठान के बाद प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए पूजनीय देवस्वरूप बन जाती है।
मुख्य यजमान लखन लाल बरनवाल ने बताया कि बजरंग चौक के स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी इच्छा और मांग को देखते हुए बजरंग चौक मोड़ पर श्री संकट मोचन मंदिर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मंदिर की देखरेख और संचालन की जिम्मेदारी बजरंग सेवा समिति निभाएगी। उन्होंने भगवान हनुमान से सभी के सुख, शांति और कल्याण की कामना की।
समारोह के समापन के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुबोध बरनवाल, लखन गुप्ता, रंजीत विश्वकर्मा, अंशु बरनवाल, अभिलाष बरनवाल, अर्जुन रजक, दीपक विश्वकर्मा, कन्हैया कुमार, राजेंद्र लाल बरनवाल, जयप्रकाश बरनवाल सहित अन्य भक्तजनों का सराहनीय योगदान रहा।


