Deoghar News: देवउठनी एकादशी पर सजा बाबा श्याम का भव्य दरबार, छप्पन भोग और भजन संध्या में झूमे भक्त

देवघर: स्थानीय कॉस्टर टाउन स्थित श्री श्याम कीर्तन मंडल के श्री श्याम मंदिर में देवउठनी एकादशी पर बाबा का भव्य एवं दिव्य दरबार सजाया गया। इस दौरान बाबा श्री श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार कर उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा भव्य केक काटकर प्रभु श्री श्याम का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों एवं फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसकी अलौकिक छटा देखते ही बन रही थी। दरबार में पूरे विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया गया, जिसमें आहुति देने के लिए भक्तों की कतार लगी रही।
वहीं, बाबा के भक्तों एवं श्याम प्रेमियों का प्रभु के दिव्य स्वरूप के दर्शन और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए तांता लगा रहा। इस पावन अवसर पर आयोजित भजन संध्या में श्याम प्रेमी गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय, रोचक एवं अनुपम भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की अमृत वर्षा ने भक्तों एवं आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
भक्तगण भक्ति और भावनाओं के सागर में सराबोर होकर झूमते-गाते नजर आए। इस अवसर पर श्याम प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


