Deoghar News: पालोजोरी के बागदाहा मोहली टोला में प्रशासन की मौजूदगी में आंगनबाड़ी सेविका का चयन

देवघर: पालोजोरी प्रखंड क्षेत्र के बागदाहा पंचायत अंतर्गत बागदाहा मोहली टोला में कई बार स्थगित होने के बाद आखिरकार प्रशासन की मदद से आंगनबाड़ी सेविका का चयन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
प्रखंड विकास पदाधिकारी पार्थ नन्दन की उपस्थिति में आम सभा के माध्यम से सर्वसम्मति से नीलम कुमारी को आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयनित किया गया। चयन प्रक्रिया पोषक क्षेत्र की मेरिट लिस्ट के आधार पर की गई। इस पद के लिए पोषक क्षेत्र के 6 उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत किया था।
मौके पर बागदाहा पंचायत के मुखिया गोलक बिहारी यादव,आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका प्रमिला हेम्ब्रम,पंचायत समिति सदस्य एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में आम सभा आयोजित की गई।
बताया गया कि स्थानीय विवादों के कारण इस चयन प्रक्रिया को कई बार स्थगित करना पड़ा था। आम सभा के दौरान कुछ ग्रामीणों द्वारा विवाद खड़ा करने का प्रयास किया गया, जिसे पर्यवेक्षिका द्वारा नियमावली के अनुसार समझाकर शांत किया गया।
बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से मेरिट के आधार पर नीलम कुमारी के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान पोषक क्षेत्र के काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


