Deoghar News: पालोजोरी में 8 महीने से पेंशन बंद, त्योहारों में भी खाली रहे बुजुर्गों के हाथ

देवघर: जिले के पालोजोरी अंचल में सरकार की महत्वाकांक्षी वृद्धावस्था पेंशन योजना जरूरतमंदों के लिए जी का जंजाल बन गई है। अंचल के सैकड़ों वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशन के लाभुकों को पिछले 8 महीनों से पेंशन की राशि नहीं मिली है। इस साल होली, दुर्गापूजा और अब दीपावली जैसे बड़े त्योहार भी बीत गए, लेकिन इन लाचार बुजुर्गों के खातों में एक रुपया तक नहीं आया। त्योहारों और इस तैयारी के मौसम में पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों के सामने अब सीधे तौर पर राशन और दवाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि हर बार त्योहार से पहले उन्हें उम्मीद जगती है कि इस बार शायद उनका हक मिल जाएगा, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही हाथ लगता है। इस घोर लापरवाही को लेकर ग्रामीणों और विशेषकर महिला लाभुकों में गहरा आक्रोश है। पेंशन नहीं मिलने से नाराज दर्जनों लाभुक आज ब्लॉक पहुंचकर अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया। पेंशन नहीं मिलने से परेशान लाभुकों ने बताया कि—
आशा देवी का बयान: “आठ महीना कम नहीं होता है बाबू। हम बूढ़े-बुजुर्ग इसी पेंशन के सहारे अपनी दवाई और नमक-तेल का खर्चा चलाते हैं। होली सूखी बीती, दुर्गापूजा में आस लगाए बैठे थे और अब दीपावली भी अंधेरे में कट गई। सरकार और अधिकारी हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है।”
पानो देवी का बयान: “जब भी बैंक या अंचल कार्यालय जाते हैं, तो कह दिया जाता है कि ऊपर से ही पैसा नहीं आया है या अंगूठे का निशान (केवाईसी) का बहाना बना दिया जाता है। अगर हमें समय पर पेंशन ही नहीं मिलेगी, तो इस उम्र में हम कमाने कहां जाएंगे? यह सीधे-सीधे हम गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है।”
फुलेश्वरी देवी का बयान: “त्योहारों के मौसम में जहां सबके घरों में खुशियां थीं, हमारे चूल्हे मुश्किल से जल रहे थे। दुकानदारों ने भी अब उधार देना बंद कर दिया है। हमारी हालत भुखमरी जैसी हो गई है। अगर जल्द ही 8 महीने की बकाया पेंशन नहीं मिली, तो हम सभी बुजुर्ग अंचल कार्यालय के घेराव के लिए मजबूर होंगे।”
आभा देवी ने बताया कि उन्हें 10 महीने से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलती है। कई बार ब्लॉक का चक्कर लगाया, तो कभी आधार कार्ड में गलती तो कभी कुछ बहाना बनाकर वापस लौटा दिया जा रहा है। जबकि मुझे 10 वर्षों से नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल रहा है। बीते 10 महीने से मुझे पेंशन नहीं मिलने से मेरे समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है।
पालोजोरी अंचल में यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। डिजिटल इंडिया और हर हाथ को अधिकार देने के दावों के बीच, धरातल पर इन बुजुर्गों को दफ्तरों के चक्कर काटने को छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और देवघर उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी बकाया पेंशन राशि का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित कराया जाए, ताकि इस कठिन वक्त और त्योहारी मौसम में बुजुर्गों को राहत मिल सके।




