रांची की पूजा जायसवाल वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में कर रहीं भारत का प्रतिनिधित्व, अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित होंगी कलाकृतियां

दुबई में कलाकृतियों का प्रदर्शन कर रहीं पूजा जायसवाल
दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 19 से 22 नवंबर तक आयोजित हो रहा प्रतिष्ठित कला मेला, 65 से अधिक देशों के कलाकार ले रहे हिस्सा

रांची: झारखंड की समकालीन कलाकार पूजा जायसवाल अंतरराष्ट्रीय कला मंच वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन कर रही हैं। 19 से 22 नवंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित इस प्रतिष्ठित कला मेले में दुनिया के विभिन्न देशों के कलाकार, आर्ट गैलरी, कला संग्रहकर्ता और कला प्रेमी हिस्सा ले रहे हैं।

वर्ल्ड आर्ट दुबई अपने 12वें संस्करण में मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र के सबसे बड़े समकालीन कला मेलों में शामिल हो चुका है। इस वर्ष के आयोजन में 65 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। यहां 200 से अधिक एकल कलाकारों, 65 से ज्यादा आर्ट गैलरी और 10,000 से अधिक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रकृति और फूलों की सुंदरता है पूजा की कला की पहचान

पूजा जायसवाल की विशिष्ट कला शैली में फूलों की उभरी हुई त्रिआयामी कलाकृतियों (Sculptural Floral Reliefs), प्रकृति से प्रेरित आकृतियों और आकर्षक बनावट वाली चित्रकलाओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उनकी कलाकृतियों में फूलों की मनमोहक आकृतियां, नाजुक पत्तियां और बारीक बनावट विशेष पहचान रखती हैं।

उनकी कलात्मक यात्रा लगभग सात वर्ष पहले शुरू हुई। इस दौरान उन्होंने अपनी रचनात्मक सोच और विशिष्ट कला शैली के माध्यम से अलग पहचान बनाई है। बगीचों, प्रकृति, रंगों और उनसे जुड़ी भावनाओं से प्रेरणा लेकर वे फूलों और पत्तियों जैसे सामान्य प्राकृतिक तत्वों को कल्पनाशील एवं आकर्षक कलाकृतियों में परिवर्तित करती हैं।

पूजा के लिए कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तिगत अनुभूति और सुकून का संसार है। उनकी कलाकृतियां रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर शांति, सुंदरता और प्रकृति की बारीकियों को महसूस करने का अवसर प्रदान करती हैं।

अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का मिलेगा अवसर

वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 में सहभागिता पूजा जायसवाल की कलात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी कलाकृतियों को दुनिया भर के कला संग्रहकर्ताओं, क्यूरेटर, गैलरी संचालकों, विशेषज्ञों और कला प्रेमियों के सामने प्रस्तुत होने का अवसर मिल रहा है। यह उनके लिए अपनी रचनात्मक सोच और कलात्मक दृष्टिकोण को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।

आयोजन का विवरण

वर्ल्ड आर्ट दुबई 2026 का आयोजन 19 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ज़ाबील हॉल-2 एवं 3 में किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More