बिहार में दौड़ेंगी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें, पीएम मोदी शनिवार को दिखाएंगे हरी झंडी

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को मिलेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, 27 नवंबर को बिहार-दिल्ली के बीच होगा पारस्परिक परिवहन समझौता
पटना: पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत बिहार को 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलने जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दोपहर 1:35 बजे पटना के फुलवारी शरीफ स्थित बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की केंद्रीय कार्यशाला से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर बिहारवासियों की सेवा में समर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ‘बिहाइंड द मीटर पावर इंफ्रास्ट्रक्चर’ का भी लोकार्पण करेंगे।
राज्य में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
वहीं, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और विजेंद्र प्रसाद यादव, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, परिवहन विभाग के मंत्री दामोदर रावत तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहेंगे।
बिहार से दिल्ली का सफर होगा आसान, 27 नवंबर को होगा परिवहन समझौता
बिहार और दिल्ली के बीच आवागमन अब और आसान होने की उम्मीद है। बिहार-दिल्ली के बीच पारस्परिक परिवहन समझौता 27 नवंबर को नई दिल्ली में होने जा रहा है। इस समझौते पर हस्ताक्षर के कार्यक्रम में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत, विभाग के सचिव राज कुमार और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा शामिल होंगे।
इस संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा परिवहन एवं सूचना प्रावैधिकी मंत्री के सचिव को भी पत्र लिखा गया है।


