Giridih News: अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सख्त, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्ती तेज करने का निर्देश

गिरिडीह में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी को संबोधित करते पुलिस अधीक्षक।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर, महिला सुरक्षा और जनशिकायतों के निस्तारण को दी प्राथमिकता

गिरिडीह; जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की समग्र कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और विधि-व्यवस्था संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और थाना एवं ओपी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपराध नियंत्रण के लिए जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाने और रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को देर रात तक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने को कहा गया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न कांडों में फरार और दागी अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर विशेष अभियान के तहत उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन कर उन पर नियमित निगरानी रखने को भी कहा गया। इसके साथ ही सभी लंबित कांडों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए शीघ्र निष्पादन करने पर जोर दिया गया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया गया। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, न्यायालय से प्राप्त वारंट और कुर्की-जब्ती का शत-प्रतिशत समय पर निष्पादन करने तथा लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर बिना देरी पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करने और जनता से प्राप्त शिकायतों तथा विभिन्न आयोगों से मिले पत्रों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान विगत माह में उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनका उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

गिरिडीह पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और न्याय प्रक्रिया को सुगम, सरल एवं तेज बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More