सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मेगा एमएसएमई ऋण शिविर में 100 लाभार्थियों को मिले ₹21 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र

रांची: सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से शुक्रवार को होटल प्लेट्यू, रांची में राष्ट्रव्यापी मेगा एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम के तहत मेगा ऋण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के केंद्रीय कार्यालय से महाप्रबंधक राज कोकिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में शहर के विभिन्न व्यवसायियों, व्यापारियों और एमएसएमई उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बैंक के संस्थापक सर सोराबजी पोचखानवाला के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महाप्रबंधक राज कोकिल ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर बैंक की विभिन्न एमएसएमई ऋण योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। महाप्रबंधक राज कोकिल ने उद्यमियों एवं ग्राहकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 100 लाभार्थियों को कुल 21 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्रों का वितरण रहा। इस पहल से एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को अपने कारोबार के विस्तार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
ग्राहकों को एक ही स्थान पर विभिन्न बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में विशेष सेवा डेस्क भी स्थापित किए गए। इनमें ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’, केवाईसी, री-केवाईसी एवं सीकेवाईसी, बचत खाता खोलने और टैब बैंकिंग, ऋण संबंधी जानकारी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, उद्यम पंजीकरण प्रमाणपत्र (URC) तथा विदेशी मुद्रा (Forex) सेवाओं से संबंधित काउंटर शामिल थे।
कार्यक्रम में सभी हितधारकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। यह आयोजन एमएसएमई उद्यमियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने, ऋण सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देने की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


