Lohardaga News: एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन शर्मा का आगमन, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

लोहरदगा: ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और ग्रामोत्थान के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन शर्मा का लोहरदगा आगमन हुआ। उनके आगमन पर एकल अभियान की भाग समिति, अंचल समिति एवं संच समिति के पदाधिकारियों, आचार्यों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भाग समिति अध्यक्ष नवल अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, संयोजक जयप्रकाश शर्मा, अंचल समिति अध्यक्ष अशोक पोद्दार, कोषाध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल एवं देवघरिया जी ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने प्रवास के दौरान डॉ. ललन शर्मा ने छह जिलों गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, डालटनगंज और गढ़वा में अभियान के संचालन से जुड़ी भाग समिति के पदाधिकारियों नवल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल एवं जयप्रकाश शर्मा के साथ विशेष चर्चा की। उन्होंने समय-समय पर इन जिलों का दौरा करने का निर्देश दिया। साथ ही लोहरदगा जिले में संचालित एकल विद्यालयों, ग्रामोत्थान योजनाओं और पंचमुखी शिक्षा अभियान की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित रिपोर्ट का अवलोकन किया।

स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं संच प्रमुखों के साथ आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत के समग्र विकास के लिए बुनियादी शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, जैविक कृषि, स्वावलंबन और संस्कारों का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोहरदगा के सुदूरवर्ती वनवासी क्षेत्रों में एकल अभियान के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों और अभिभावकों से भी मुलाकात की तथा ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार करने पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देशभर में 90 हजार से अधिक एकल विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा 27 देशों में भी एकल अभियान कार्यरत है। उन्होंने इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं में से एक बताया।

भाग समिति अध्यक्ष नवल अग्रवाल ने कहा कि जल्द ही समिति का विस्तार किया जाएगा। इसमें युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, भाग संयोजक जयप्रकाश शर्मा ने राष्ट्रीय महामंत्री से लोहरदगा में भव्य समागम आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसमें छह जिलों के सभी आचार्य, पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता शामिल हों, ताकि आपसी समन्वय विकसित हो और सभी एकजुट होकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ा सकें।

उन्होंने कहा कि एकल अभियान द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य देश को नई राह दिखा रहे हैं। समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े लोगों से सीधा जुड़ाव ही संगठन की असली ताकत है।

भाग सचिव दीपक अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा उपस्थित लोगों का परिचय कराया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एकल अभियान के राष्ट्रीय अभियान प्रमुख जीतन पाहन, क्षेत्रीय प्रमुख राजू पांडेय, महिला समिति की रीता अग्रवाल, लक्ष्मी गोयल सहित बड़ी संख्या में सहायक, आचार्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More