पारसनाथ से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस हादसे का शिकार, पति-पत्नी की मौत, 10 से अधिक घायल

गिरिडीह में जैन श्रद्धालुओं की बस दुर्घटनाग्रस्त
पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे थे श्रद्धालु

मधुबन थाना क्षेत्र में बस पेड़ से टकराकर पलटी, दो घायलों की हालत गंभीर

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के पारसनाथ शिखरजी की वंदना कर जमशेदपुर लौट रहे जैन तीर्थ यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक दंपति की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों का इलाज पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात श्रद्धालुओं का काफिला 10 वाहनों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी के दर्शन के बाद जमशेदपुर लौट रहा था। इसी दौरान मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस दूसरी ओर पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज (56) और उनकी पत्नी बादामी देवी (49) के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही डुमरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि मृतक दंपति के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More