स्थापना दिवस पखवाड़ा पर 305 पंचायतों में चिकित्सा शिविर व पारंपरिक पद धारकों का सम्मान

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत ग्राम पंचायतों में आयोजित चिकित्सा जांच शिविर का दृश्य।

राँची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के अंतर्गत राँची जिले में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, नशामुक्ति और कृषि विकास को समर्पित विविध कार्यक्रमों की एक जीवंत श्रृंखला सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही है। पंचायती राज विभाग, उद्यान विभाग तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, आजीविका, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास की दिशा में उल्लेखनीय गतिविधियाँ संपन्न हो रही हैं।

पंचायतों में चिकित्सा शिविर एवं पारंपरिक पद धारकों का सम्मान

पंचायती राज विभाग, झारखंड के दिशा-निर्देशों के आलोक में आज राँची जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जाँच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच के साथ रक्तचाप, मधुमेह एवं हीमोग्लोबिन की जाँच की गई। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया गया।

साथ ही स्वास्थ्य, पोषण तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में मुखिया, कार्यकारिणी सदस्य, पारंपरिक प्रधान, पंचायत सचिव, पेसा मोबिलाइजर, पंचायत सहायक, स्वास्थ्य विभाग के ए.एन.एम., सहिया, डॉक्टर तथा अन्य कर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

वहीं जिले की सभी 18 पंचायत समितियों (प्रखंडों) में पारंपरिक पद धारकों — पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी, महतो आदि — के साथ पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक अगुवाओं को प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इटकी प्रखंड में मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण : किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

जिला उद्यान कार्यालय, राँची द्वारा संचालित उद्यान विकास योजना के अंतर्गत इटकी प्रखंड में किसानों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के उपरांत प्रत्येक लाभार्थी किसान को निम्नलिखित सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी :

  • 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स (Bee Boxes)
  • मधुमक्खी सहित हाइव (Bee Hives)
  • मधु निष्कर्षण मशीन (Honey Extractor)
  • मधुमक्खी पालन से संबंधित अन्य आवश्यक उपकरण

इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण देना, स्वरोजगार के अवसर सृजित करना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है।

पलाश–JSLPS द्वारा आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तीकरण एवं सामुदायिक विकास की गतिविधियाँ

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), राँची द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तीकरण, कृषि एवं पशुपालन को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

नगड़ी प्रखंड में नारो CLF की शेयरधारक दीदियों को शेयर प्रमाणपत्र वितरण

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत नगड़ी प्रखंड में नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) द्वारा स्वयं सहायता समूहों (SHG) की शेयरधारक दीदियों के बीच शेयर प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। इस पहल से महिलाओं की सामुदायिक संस्थाओं में भागीदारी एवं स्वामित्व की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

1,216 बकरियों का डीवर्मिंग एवं टीकाकरण

पशुधन स्वास्थ्य संरक्षण एवं पशुपालन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में बकरियों के डीवर्मिंग एवं टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत कुल 1,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया। इससे पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी और ग्रामीण परिवारों की आजीविका सुदृढ़ होगी।

जेंडर समानता, स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति पर जागरूकता अभियान

क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), ग्राम संगठन (VO) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से जागरूकता रैली, पोषण पखवाड़ा एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। ग्रामीण समुदाय को जेंडर समानता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया तथा महिलाओं एवं सामुदायिक सदस्यों द्वारा शपथ ली गई।

विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिवारों को पोषण वाटिका विकसित करने, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

SHG कट-ऑफ एवं VO ट्रांजैक्शन शिविर

स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों की वित्तीय कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु कुल 95 SHG कट-ऑफ तथा 42 ग्राम संगठन (VO) ट्रांजैक्शन शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों से वित्तीय अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है।

आधार आधारित e-KYC अभियान : 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के विवरण सत्यापन हेतु आधार आधारित e-KYC अभियान चलाया गया। इस अभियान में कुल 1,425 लाभार्थियों का e-KYC सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित ये सभी गतिविधियाँ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने, सामुदायिक संस्थाओं की क्षमता विकसित करने तथा ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। JSLPS, राँची इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।

ऑड्रे हाउस में सांस्कृतिक पखवाड़ा का भव्य समापन, नागपुरी सुरों से गूंजी राजधानी

​झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत ऑड्रे हाउस में चल रहे दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक महोत्सव का रविवार, 22 नवंबर 2026 को रंगारंग समापन हो गया। झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के अंतिम दिन नागपुरी गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें राँची जिले के विभिन्न क्षेत्रों व स्कूलों से आए बालक-बालिकाओं ने भाग लेकर नागपुरी और क्षेत्रीय भाषाओं में गीत एवं वाद्य संगीत से झारखंड की समृद्ध संस्कृति को दर्शाया। ​कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतियोगिता के निर्णायक (जज) के रूप में प्रसिद्ध नागपुरी पुरोधा शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

​स्वागतकर्ता के रूप में जिला खेल पदाधिकारी (DSO) राँची, श्री शिवेंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और नन्हे बच्चों का हार्दिक स्वागत किया। पूरे महोत्सव के दौरान मंच का सफल और आकर्षक संचालन डॉ. कमल बोस ने किया। ​समापन के अवसर पर जूरी सदस्यों डॉ. कमल बोस और आशुतोष द्विवेदी ने मंच पर उपस्थित निर्णायक मंडल के तीनों नागपुरी पुरोधाओं व अतिथियों का आत्मीय सम्मान किया।

इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित उत्कृष्ट प्रतिभागी अब आगामी राज्य स्तरीय (स्टेट लेवल) प्रतियोगिता में राँची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। दो दिवसीय इस आयोजन में बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों ने ऑड्रे हाउस में मौजूद सभी अभिभावकों व दर्शकों का मन मोह लिया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More