एसआईआर सुनवाई रिकॉर्ड की जांच, दस्तावेजों की कमियां 30 नवंबर तक दूर करने का निर्देश

देवघर में एसआईआर सुनवाई प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करते मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोनाराईठाढ़ी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

देवघर: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने शनिवार को देवघर जिले के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनाराईठाढ़ी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।

जांच के दौरान कुछ मतदाताओं की सुनवाई में दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित कमियां पाई गईं। इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चिह्नित कमियों को 30 नवंबर तक दूर कर प्रतिवेदन समर्पित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। साथ ही किसी भी विदेशी अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने सुनवाई एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, देवघर श्रीमती सागरी बारला सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More