पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा (फाइल फोटो)
मां के निधन से भावुक हुए अर्जुन मुंडा, नेताओं और शुभचिंतकों ने दी श्रद्धांजलि

पूर्वी सिंहभूम। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार देर रात करीब एक बजे निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उनका इलाज जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में कराया जा रहा था। उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

मां के निधन की जानकारी अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि मां के जाने से उनके सिर से केवल ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जीवन का वह मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल आसान और हर दर्द हल्का महसूस होता था।

सायरा मुंडा के निधन की खबर मिलते ही अर्जुन मुंडा के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने शोक संदेश में कहा कि मां का साथ छूटना जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने दिवंगत आत्मा को अंतिम जोहार भी अर्पित किया।

पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने भी अर्जुन मुंडा की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का निधन परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

पश्चिमी सिंहभूम के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि अर्जुन मुंडा की माता के निधन की खबर से वे बेहद मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि मां का रिश्ता दुनिया में सबसे बड़ा और अनमोल होता है। मां का स्नेह, त्याग और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी ताकत होता है। ऐसे में मां का साथ छूट जाना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद पीड़ादायक होता है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

वहीं, आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झामुमो जिला प्रवक्ता पश्चिमी सिंहभूम बुधराम लागुरी ने भी शोक जताते हुए दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मां ममता, त्याग, संस्कार और निःस्वार्थ प्रेम की प्रतीक होती है। मां का बिछुड़ना संतान के जीवन में ऐसी कमी छोड़ जाता है, जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके समस्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

परिवार की ओर से बताया गया कि सायरा मुंडा की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर एक बजे घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। अंतिम यात्रा जमशेदपुर के साकची स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहेंगे।

अर्जुन मुंडा की माता के निधन की खबर से जमशेदपुर सहित कोल्हान के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। नेताओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More