गिरिडीह में डबल मर्डर से सनसनी, ससुर के बाद बहू को भी उतारा मौत के घाट

गिरिडीह खावा डबल मर्डर मामला

गिरिडीह: जिले में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या का मामला सोमवार को प्रकाश में आया है। मृतक ससुर और बहू हैं। दोनों की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। घटना पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा की है। मृतकों में खावा निवासी शुकर मंडल (55) और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) शामिल हैं। घटना मृतकों के घर के सामने ही अंजाम दी गई। घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है।

घटना के बाद से एक व्यक्ति का नाम चर्चा में है। घरवालों का कहना है कि मध्य रात्रि के बाद एक व्यक्ति उनके घर के अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने ही पूरी घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात एक व्यक्ति शुकर मंडल के घर में घुसा और किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद दोनों झगड़ते हुए घर के बाहर आ गए। इसी बीच व्यक्ति ने शुकर मंडल पर टांगी से हमला कर दिया।

झगड़ा होता देख बहू भी बीच में आ गई और अपने ससुर को बचाने की कोशिश करने लगी। मगर उस व्यक्ति ने पहले शुकर मंडल पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बाद में बहू की भी हत्या कर दी। फिलहाल यहां पुराने विवाद की ही चर्चा हो रही है।

इधर, मामले की जानकारी एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली। उन्होंने डीएसपी आरके राणा को तुरंत कार्रवाई करने को कहा। डीएसपी ने थाना प्रभारी राजीव कुमार को आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

थाना प्रभारी ने पचम्बा थाने से सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार वर्मा और उनकी टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी भी कर दी। हालांकि, स्थानीय आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों को शव कब्जे में लेने नहीं दिया।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक वरीय अधिकारी नहीं आएंगे, तब तक आगे की बात नहीं होगी।

डीएसपी आरके राणा ने बताया कि पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा में एक अधेड़ व्यक्ति और उनकी बहू की हत्या की गई है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More